कौन हैं सना मलिक, जिनके नाम की हो रही चर्चा, महाराष्ट्र में इस सीट से लड़ सकती हैं चुनाव
अजित पवार की अगुवाई वाली एनसीपी ने सना मलिक को पार्टी का प्रवक्ता घोषित किया है। महाराष्ट्र में विधानसभा चुनावों की तारीख के ऐलान के साथ ही एनसीपी ने सना मलिक को यह अहम जिम्मेदारी सौंपी है। माना जा रहा है कि पार्टी उन्हें चुनावी मैदान में भी उतार सकती है। सना मलिक पार्टी के वरिष्ठ नेता नवाब मलिक की बेटी हैं। ध्यान देने वाली बात है कि एनसीपी की जो पहली लिस्ट जारी हुई है, उसमे उनका नाम शामिल नहीं है लेकिन माना जा रहा है कि उन्हें दूसरी लिस्ट में जगह मिल सकती है।
गौर करने वाली बात है कि नवाब मलिक पवार परिवार के करीबी माने जाते हैं। हालांकि वह मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जमानत पर बाहर हैं। जब से नवाब मलिक मनी लॉन्ड्रिंग मामले में फंसे हैं, उसके बाद से ही सना मलिक लगातार राजनीति में सक्रिय हो गई हैं।

पिता का कामकाज संभालती हैं
वह नवाब मलिक के सभी कार्यों को देखती हैं। 36 वर्षीय सना मलिक अणुशक्ति नगर विधानसभा में अच्छी पैठ रखती हैं। हाल ही में उन्हें पार्टी का प्रवक्ता घोषित किया गया है,ऐसे में पार्टी में उनकी दावेदारी और भी मजबूत हो सकती है।
अणुशक्ति नगर सीट की बात करें तो यहां नवाब मलिक का शुरुआत से दबदबा रहा है। यहां पिछले विधानसभा के कार्यकाल से सना मलिक सक्रिय हैं और अपने पिता के कामकाज को देख रही हैं।
अणुशक्ति नगर में सक्रिय
उनकी अगुवाई में ही अगस्त माह में अजित पवार की जन सम्मान यात्रा का यहां सफल आयोजन किया था। यहां अजित पवार ने सना मलिक को यहां के लिए पार्टी का प्रवक्ता घोषित किया था।
नवाब मलिक की राजनीति
बता दें कि नवाब मलिक 2 बार अणुशक्ति नगर से और 3 बार नेहरू नागर से चुनाव जीत चुके हैं। वर्ष 2009 और 2019 में उन्होंने अणुशक्ति नगर से जीत दर्ज की जबकि 1996, 1999, 2004 में उन्होंने नेहरू नगर से चुनाव जीता।
नवाब मलिक को महाराष्ट्र की राजनीति में अहम मुस्लिम चेहरा माना जाता है। एनसीपी में दो फाड़ होने से पहले ऐसी चर्चा थी कि वह निर्दलीय चुनाव लड़ सकते हैं। नवाब मलिक को शरद पवार और अजित पवार दोनों का करीबी माना जाता है।
20 नवंबर को महाराष्ट्र में चुनाव
गौर करने वाली बात है कि महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों पर 20 नवंबर को मतदान होगा जबकि 23 नवंबर को चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे। इस बार सीधा मुकाबला महाविकास अघाड़ी और महायुति के बीच है। दोनों ही गठबंधन में सीटों के बंटवारे पर चर्चा तेज है।












Click it and Unblock the Notifications