'इंशाअल्लाह गली-गली कम पड़ेगी', महाराष्ट्र में चुनावी सभा में ये धमकी देने वाला कौन है माजिद हुसैन?
Who is Majid Hussain: महाराष्ट्र में चुनावी सरगर्मी के बीच वाशिम जिले में ओवैसी की AIMIM पार्टी के विधायक माजिद हुसैन के एक विवादास्पद बयान ने राजनीतिक पारा बढ़ा दिया है। इस बयान को लेकर आरोप लग रहे हैं कि यह दो समुदायों के बीच दरार पैदा करने और प्रदेश की शांति व्यवस्था को भंग करने वाला है।
हुसैन के बयान की चौतरफा निंदा हो रही है और आरोप लग रहा है कि इस बयान के जरिए शरीयत का हवाला देकर युवाओं को गुमराह करने और राजनीतिक लाभ उठाने का प्रयास किया गया। लोग प्रशासन से इस मामले में कार्रवाई की भी मांग की है।

दरअसल, महाराष्ट्र के नगर परिषद चुनाव के दौरान विधायक माजिद हुर्सन द्वारा दिया गया बयान सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है। हैदराबाद के नामपल्ली से विधायक माजिद हुसैन का एक वीडियो क्लिप लोगों के बीच खूब शेयर किया जा रहा है। इस वीडियो में वह एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहते हैं, "AIMIM कोई बच्चों का खेल नहीं है... जब हम पर आएगी तो इंशाअल्लाह गली-गली कम पड़ेगी।" इस बयान को धमकी भरे लहजे में देखा जा रहा है।
चुनावी जनसभा में दिया ये विवादित बयान
यह जनसभा वाशिम के बागवान पुरा इलाके में AIMIM उम्मीदवार मोहम्मद काज़िम के समर्थन में आयोजित की गई थी। इस दौरान उन्होंने शरीयत में दखलंदाजी को लेकर भी चेतावनी दी। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है और कई यूज़र्स इस पर सवाल उठा रहे हैं।
AIMIM की ओर से वाशिम नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए मोहम्मद काज़िम चुनाव लड़ रहे हैं। माजिद हुसैन उन्हीं के समर्थन में वाशिम पहुंचे थे। पार्टी के स्थानीय नेताओं का कहना है कि विपक्ष उनकी बढ़ती लोकप्रियता से घबराया हुआ है और इसी वजह से बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है।
कौन हैं माजिद हुसैन?
माजिद हुसैन, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के एक प्रमुख विधायक हैं। वे हैदराबाद में नामपल्ली निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं।
- माजिद हुसैन ने 2009 में ऑह्मदनगर वार्ड से नगर निगम (GHMC) पार्षद के रूप में अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद, उन्होंने 2012 में ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (GHMC) के मेयर का पद संभाला, जो उन्हें उस समय भारत के सबसे युवा मेयरों में से एक बनाता है।
- मेयर के रूप में कार्यकाल पूरा करने के बाद, उन्होंने मेहदीपट्टनम वार्ड से 2016 और 2020 में दो बार पार्षद का चुनाव जीता।
- 2023 के विधानसभा चुनावों में, माजिद हुसैन ने नामपल्ली सीट से विधायक के रूप में जीत हासिल कर राज्य की राजनीति में कदम रखा है।
अपने सार्वजनिक सेवा के दौरान, हुसैन ने कई स्थानीय विकास और सामाजिक कल्याण परियोजनाओं की शुरुआत की है। इनमें प्रमुख रूप से कचरा और जल निकासी समस्याओं का समाधान, स्वच्छता में सुधार और विभिन्न आवास योजनाओं का वितरण शामिल है, जिससे स्थानीय निवासियों को सीधा लाभ मिला है।












Click it and Unblock the Notifications