कौन है ये बाहुबली पप्पू कलानी? भाजपा के दुश्मन से एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने क्यों मिलाया हाथ
Who is Bahubali Pappu Kalani: महाराष्ट्र में आगामी स्थानीय निकाय चुनावों से पहले राजनीतिक समीकरण तेजी से बदल रहे हैं। शिवसेना के एकनाथ शिंदे गुट ने उल्हासनगर के बाहुबली पप्पू कलानी के परिवार के साथ गठबंधन कर अपनी सहयोगी भाजपा को बड़ा झटका दे दिया है।
भाजपा के दुश्मन से शिंदे शिवसेना के हाथ मिलने के बाद महाराष्ट्र की सत्तारूढ़ महायुति में तनानती बढ़ चुकी है। इसकी वजह है कि पप्पू कलानी की गिनती भाजपा के विरोधियों में होती है। जानिए आखिर कौन है पप्पू कलानी और क्यों एकनाथ शिंदे ने महाराष्ट्र चुनाव से पहले कलानी के परिवार के साथ हाथ मिलाया है?

पहले बता दें बाहुबली पप्पू कलाी के बेटे ओमी कलानी ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बेटे और सांसद श्रीकांत शिंदे से मुलाकात की, जिसके बाद आगामी उल्हासनगर पालिका चुनाव में शिवसेना को समर्थन देने की घोषणा की गई।
कौन है बाहुबली पप्पू कलानी?
महाराष्ट्र के उल्हासनगर जिले के पूर्व विधायक सुरेश उर्फ पप्पू कलानी, जिन्हें 'बाहुबली पप्पू कलानी' के नाम से भी जाना जाता है। पप्पू कलानी का उल्हासनगर की चुनावी राजनीति में दशकों तक दबदबा रहा है।
- पहली बार 1990 में कांग्रेस के टिकट पर जीत हासिल की थी।
- पप्पू कलानी 1990, 1995, 1999 और 2004 में लगातार चार बार उल्हासनगर के विधायक चुने गए थे। उनकी पत्नी ज्योति कलानी भी 2014 में इसी क्षेत्र से विधायक रह चुकी हैं।
- 2009 में पप्पू कलानी को बीजेपी उम्मीदवार के हाथों हार का सामना करना पड़ा। 2014 में वे शरद पवार की पार्टी के टिकट पर फिर से चुने गए, लेकिन 2019 में उन्हें बीजेपी उम्मीदवार से दोबारा हार मिली।
- 2024 के चुनाव में शरद पवार की पार्टी ने ओमी कलानी को टिकट दिया, पर उन्हें भी बीजेपी के आयलानी कुमार उत्तमचंद से हार का सामना करना पड़ा। उत्तमचंद को 82,231 वोट मिले, जबकि ओमी को 51,477 वोट प्राप्त हुए।
हत्या के मामले में सुनाई गई थी अजीवन जेल की सजा
पप्पू कलानी का नाम कई आपराधिक मामलों से जुड़ा रहा है। उनके खिलाफ कुल 19 मामले दर्ज हैं। 2013 में उन्हें घनश्याम भाटीजा हत्याकांड में आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। घनश्याम भाटीजा की हत्या 27 फरवरी 1990 को उल्हासनगर में हुई थी। कलानी परिवार शराब व्यवसाय से भी जुड़ा रहा है और उनकी कई भटियां व होटल भी हैं। जेल से बाहर आने के बाद, 2024-25 के दौरान उन्हें 11 साल बाद मतदान करने का अवसर मिला था।
क्यों भाजपा के दुश्मन माने जाते हैं?
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने भी उल्हासनगर महानगर पालिका चुनाव के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। वर्तमान में उल्हासनगर से बीजेपी के विधायक हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में बीजेपी उम्मीदवार ने ओमी कलानी को हराया था, जिससे इस क्षेत्र में बीजेपी की मजबूत पकड़ साबित हुई है। लेकिन इस बार के निकाय चुनाव में पप्पू कलानी के बेटे ओमी कलानी भाजपा के लिए एक चुनौती बने हुए है।
एकनाथ शिंदे ने क्यों बाहुलबली के परिवार से मिलाया हाथ?
उल्हासनगर नगरपालिका चुनावों से पहले एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने भाजपा के प्रमुख स्थानीय विरोधी ओमी कलानी, जो पप्पू कलानी परिवार से आते हैं, के साथ हाथ मिलाया है। इस कदम को भाजपा के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि ओमी कलानी पहले से ही क्षेत्र में भाजपा के लिए एक चुनौती पेश कर रहे थे।
- सूत्रों के अनुसार, इस गठबंधन का मुख्य उद्देश्य उल्हासनगर में शिंदे-शिवसेना की स्थिति को मजबूत करना है। इसके लिए, पार्टी ने स्थानीय राजनीति में शक्तिशाली और स्थापित कलानी परिवार के समर्थन को सुरक्षित करने का निर्णय लिया।
- ओमी कलानी के साथ इस युति से शिंदे-शिवसेना को आगामी स्थानीय चुनावों में लाभ मिलने की उम्मीद है, भले ही इससे भाजपा के साथ उनके संबंधों में तनाव आए।
- शिंदे-शिवसेना स्थानीय स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए तैयार है, भले ही इसके लिए उन्हें अपने राज्य-स्तरीय सहयोगियों के विरोधियों के साथ गठबंधन करना पड़े।












Click it and Unblock the Notifications