कौन हैं अश्विनी भिडे? जिन्होंने मुंबईवासियों को कर दिया खुश, आनंद महिंद्रा ने भी की जमकर की तारीफ
Who is Ashwini Bhide: मुंबई के लोगों को वर्षों से जिसका इंतजार था, वो 8अक्टूबर 2025 को पूरा हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद मुंबई में आकर ये तोहफा मुंबईकरों को दिया है। जी हां सही समझे ये तोहफा मुंबई मेट्रो एक्वा लाइन (मेट्रो 3) का है। जिसके शुरू होते ही घंटों का सफर लाेग मिनटों में तय कर रहे हैं।
मेट्रो 3 के उद्घाटन के बाद से आईएएस अश्विनी भिडे का नाम काफी चर्चा में हैं। राजनीतिक हस्तियों से लेकर हर कोई उनकी तारीफ कर रहा है। मेट्रो 3 के शुरू होने के बाद अब मशहूर उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने उनकी तारीफ करते हुए एक सोशल मीडिया पोस्ट शेयर की है। जिस पर अश्विनी भिडे ने रिप्लाई भी किया है। तो आइए जानते हैं आखिर कौन हैं अश्विनी भिडे? जिनकी चर्चा सीएम देवेंद्र फडणवीस से भी ज्यादा हो रही है।

बता दें मुंबई के लोग लंबे समय से इस 33 किलोमीटर लंबी अंडरग्राउंड मेट्रो लाइन का इंतजार कर रहे थे। मेट्रो 3 पूरी तरह से अंडरग्राउंड है और इसका निर्माण बेहद चुनौतीपूर्ण था, जिसका जिक्र पीएम मोदी ने भी किया था। यह लाइन विधानसभा को नए परिवहन साधन से जोड़ती है। जिसमें "मेट्रो वुमन" के नाम से मशहूर अश्विनी भिडे की अहम भूमिका रही है।
आनंद महिंद्रा ने अश्विनी भिडे के लिए लिखी ये पोस्ट
दरअसल, बिजनेसमैन आनंद महिंद्रा ने एक यूजर द्वारा साझा किए गए वीडियो को एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा, "मेट्रो 3 के शुरू होने के वीडियो शानदार हैं...महिंद्रा ने आगे कहा, "यह एक साधारण और सहज क्लिप है, फिर भी यह एक प्रभावशाली कहानी कहती है। उन्होंने अश्विनी भिडे को धन्यवाद देते हुए लिखा, "आपकी दूरदर्शिता, प्रतिबद्धता और दृढ़ता ने सभी मुंबईवासियों को वास्तव में एक परिवर्तनकारी उपहार दिया है। आप हर मायने में एक आदर्श हैं।"
अश्विनी भिडे ने आनंद महिंद्रा का आभार व्यक्त किया
इसके जवाब में "मेट्रो वुमन" के नाम से मशहूर अश्विनी भिडे ने आनंद महिंद्रा का आभार व्यक्त करते हुए लिखा, "धन्यवाद आनंद महिंद्रा जी। मुझे याद है कि 2017 में मैं आपसे आपके कार्यालय में मिली थी, जब मैं उद्योग जगत के नेताओं, विचारकों और मुंबई के शुभचिंतकों से मेट्रो के लिए समर्थन जुटाने की कोशिश कर रही थी। मजबूत सार्वजनिक परिवहन प्रणाली शहरी गतिशीलता की आधारशिला है।"
कौन हैं अश्विनी भिडे?
अश्विनी भिडे 1995 बैच की आईएएस अधिकारी हैं और वर्तमान में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की प्रधान सचिव के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें "मुंबई मेट्रो वुमन" के नाम से जाना जाता है। फडणवीस के मुख्यमंत्री बनने तक, वे महाराष्ट्र में मेट्रो प्रोजेक्ट की जिम्मेदारी संभाल रही थीं।
सीएम फडणवीस की हैं पसंदीदा अधिकारी
आईएएस अश्विनी भिडे की गिनती मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के पसंदीदा अधिकारियों में होती है। उनके पास 25 साल का अनुभव है और मुंबई मेट्रो नेटवर्क को स्थापित करने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
अश्विनी भिडे का जन्म और करियर
25 मई, 1970 को जन्मीं भिडे मूल रूप से महाराष्ट्र की निवासी हैं। इग्लिश लिट्रेचर में ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है। वे पूर्व में ग्रेटर मुंबई की अतिरिक्त निगम आयुक्त भी रह चुकी हैं और मुंबई की अच्छी समझ रखती हैं। मेट्रो एमडी के तौर पर अश्विनी भिडे काफी सुर्खियों में रही थीं।












Click it and Unblock the Notifications