Barmati By-Election: कौन हैं आकाश मोरे? बारामती चुनाव में कांग्रेस की ओर से सुनेत्रा पवार को देंगे टक्कर
Who is Akash Vishwanath More: महाराष्ट्र की राजनीति में बारामती उपचुनाव ने अचानक नया मोड़ ले लिया है। अब तक पवार परिवार के गढ़ माने जाने वाले इस क्षेत्र में मुकाबला एकतरफा होने की उम्मीद थी, लेकिन कांग्रेस ने युवा चेहरे को मैदान में उतारकर चुनाव को दिलचस्प बना दिया है।
कांग्रेस ने आकाश विश्वनाथ मोरे को बारामती से उम्मीदवार घोषित किया। उनका मुकाबला सुनेत्रा पवार से होगा, जो दिवंगत पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पत्नी और महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री हैं। सुनेत्रा पवार एनसीपी (अजित गुट) की उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रही हैं।

कांग्रेस द्वारा बारामती चुनाव में आकाश मोरे को उम्मीदवार बनाए जाने के फैसले ने महाविकास आघाड़ी (MVA) के भीतर भी हलचल पैदा कर दी है, क्योंकि सहयोगी दल इस सीट पर निर्विरोध चुनाव कराने की कोशिश में थे।
शरद पवार और उद्धव की पार्टी का भी सुनेत्रा पवार को है समर्थन
इतना ही नहीं विरोधी महाविकास अघाड़ी में शामिल शरद पवार की एनसीपी की सांसद सुप्रिया सुले पहले ही उम्मीदवार ना उतारने की घोषणा कर चुकी हैं। महाराष्ट्र अध्यक्ष शशिकांत शिंदे ने कहा कि यह निर्णय "दिवंगत अजित पवार को श्रद्धांजलि देने के लिए" लिया गया है। शिवसेना (यूबीटी) ने भी अभी तक सुनेत्रा पवार के खिलाफ कोई उम्मीदवार नहीं खड़ा किया है।
बारामती यानी अजित पवार
याद रहे अजित पवार की बारामती अपनी कर्मभूमि में ही प्लेन क्रैश दुर्घटना में मौत हो गई थी। उनके निधन के बाद बारामती की सीट खाली हो गई है, जिसके चलते इस सीट पर उपचुनाव हो रहा है। दिवंगत अजित पवार बारामती से लगातार आठ बार के विधायक रहे। सुनेत्रा पवार सोमवार को नामांकन दाखिल करेंगी।
कौन हैं आकाश विश्वनाथ मोरे?
आकाश मोरे पेशे से वकील हैं और वर्तमान में महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस समिति के सचिव के रूप में सक्रिय हैं। उनका राजनीतिक बैकग्राउंड भी मजबूत रहा है। उनके पिता विजयराव मोरे महाराष्ट्र विधान परिषद के सदस्य रह चुके हैं और लंबे समय से क्षेत्रीय राजनीति में प्रभाव रखते हैं।
आकाश विश्वनाथ मोरे क्या पहले लड़ चुके हैं चुनाव?
यह पहला मौका नहीं है जब आकाश मोरे बारामती से चुनाव लड़ रहे हैं। इससे पहले 2014 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने अजित पवार के खिलाफ कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था, हालांकि उन्हें उस समय हार का सामना करना पड़ा और वे चौथे स्थान पर रहे थे।
मोरे के पिता शरद पवार के खिलाफ लड़ चुके हैं चुनाव
आकाश मोरे के पिता विजयराव मोरे ने कभी शरद पवार के खिलाफ समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन बाद में खुद शरद पवार ने उन्हें कांग्रेस में शामिल कर विधान परिषद का सदस्य बनवाया। 1999 में जब शरद पवार ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) बनाई, तब विजयराव मोरे उनके साथ नहीं गए और कांग्रेस में ही बने रहे।
इस सबके बाद भी दोनों में मित्रवत संबंध हैं। 2024 के चुनावों में विजयराव मोरे ने सुप्रिया सुळे के लिए प्रचार भी किया था। ऐसे में बारामती का यह मुकाबला सिर्फ चुनाव नहीं, बल्कि पुराने राजनीतिक रिश्तों और नए समीकरणों की दिलचस्प कहानी भी बन गया है।












Click it and Unblock the Notifications