Video: नशे में धुत ड्राइवर ने होटल में घुसाया ट्रक, कार-बाइक सबको तोड़ डाला, इस वजह से था नाराज
Pune Truck Driver Video: सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें एक ट्रक दौड़ता हुआ होटल के बाहर जमकर तोड़फोड़ कर रहा है। आलम यह था कि ट्रक के सामने जो भी आ रहा था, वो टूटा। इसके अलावा ड्राइवर ने बार-बार ट्रक को होटल के अंदर भी घुसाने की कोशिश की।
घटना पुणे के सोलापुर हाईवे की है, जहां इंदापुर नगर के हिंगनगांव में रोड पर स्थिति गोकुल नाम के रेस्टोरेंट के बाहर एक ट्रक ड्राइवर ने जमकर उत्पात मचाया। बताया जा रहा है कि शराब के नशे में धुत ड्राइवर ने शुक्रवार रात को खाना ना मिलने पर होटल में मलबे का ढेर लगा दिया।

होटल के बाहर शराबी ट्रक ड्राइवर का तांडव
हिंगणगांव में होटल गोकुल के पास खड़े कुछ लोगों की ओर से रिकॉर्ड किए गए वीडियो में ट्रक को बार-बार होटल की बिल्डिंग में घुसाते हुए देखा जा सकता है। ड्राइवर ने ट्रक से होटल के बाहर खड़ी एक कार को भी टक्कर मारी। रिपोर्ट के मुताबिक, ड्राइवर सोलापुर से पुणे जा रहा था और होटल गोकुल में रुका था। इसके बाद वह अंदर गया और खाना मांगा।
खाना देने से किया मना तो तोड़फोड़ शुरू
हालांकि, जब होटल मालिक ने उसे खाना देने से मना कर दिया, तो गुस्साया ड्राइवर अपने ट्रक में बैठ गया और होटल की बिल्डिंग को तोड़ना शुरू कर दिया। कुछ लोगों को ड्राइवर को रोकने के लिए ट्रक पर पत्थर फेंकते हुए भी देखा गया। आखिरकार जब ट्रक के पहिए चलना बंद हो गए, तो वह रुक गया।
होटल में उत्पात का वीडियो वायरल
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे होटल से निकल ट्रक फिर वापस बिल्डिंग की तरफ मुड़ता है और स्पीड से तोड़फोड़ करना शुरू कर देता है। स्थिति काफी भयानक नजर आती है, क्योंकि एक दो नहीं बल्कि कई दफा ड्राइवर होटल परिसर में नुकसान करने के लिए ट्रक बढ़ता है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। ड्राइवर को हिरासत में लिया है और FIR दर्ज कर ली है। पुलिस ने बताया की जांच जारी है।












Click it and Unblock the Notifications