IAS Pooja Khedkar: किसान को धमकाया, FIR दर्ज, माता-पिता को तलाश रही पुलिस, जानिए क्या बोलीं आईएएस पूजा खेडकर?
IAS Officer Pooja Khedkar: महाराष्ट्र की ट्रेनी आईएएस अफसर पूजा खडेकर को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। अपनी वीआईपी मांगों को लेकर चर्चाओं में आईं पूजा खडेकर से एक के बाद एक नए विवाद जुड़ते जा रहे हैं।
हाल ही में बंदूक लहराकर किसानों को धमकाने के मामले में ट्रेनी आईएएस अधिकारी के माता-पिता के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है, जिस पर बोलने से अब खुद पूजा खडेकर ने मीडिया में इनकार कर दिया है।

FIR पर बोलने से इनकार
पुणे की मुलशी तहसील के गांव धाडवाली में स्थानीय किसानों को कथित तौर पर धमकाने के आरोप में अपने माता-पिता के खिलाफ दर्ज FIR पर प्रशिक्षु आईएएस अफसर ने कहा, "मैंने पहले भी कहा है कि मैं इस पर टिप्पणी नहीं कर सकती। नियम मुझे कुछ भी कहने की इजाजत नहीं देते। मैं मीडिया से कुछ भी शेयर नहीं कर सकती, जो भी जरूरी होगा, मैं कमेटी के साथ साझा करूंगी।"
जानिए क्या है पूरा मामला?
रिपोर्ट्स के मुताबिक पूजा खेडकर के पिता दिलीप खेडकर ने पुणे की मुलशी तहसील के गांव धाडवाली में एक जमीन खरीदी थी। जिसको लेकर स्थानीय लोगों का दावा है कि खेडकर ने अपनी जमीन के साथ ही अन्य किसानों की जमीन पर भी कब्जा कर लिया है।
इसी विवाद से जुड़ा खेडकर की मां मनोरमा का एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें वह गन लेकर लोगों को धमकाती दिखाई दी थी, जिसके बाद पुणे ग्रामीण पुलिस ने उनके माता-पिता के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने आईपीसी की धारा 323, 504 और 506 के साथ ही आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
परिजनों को तलाश रही पुलिस
वहीं पूजा खेडकर के माता-पिता पर दर्ज एफआईआर पर पुणे ग्रामीण एसपी पंकज देशमुख ने कहा, "आरोपी फरार हैं, हम उनसे संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन वे उपलब्ध नहीं हैं, क्योंकि उनके फोन स्विच ऑफ हैं। हमने उनके निवास तक पहुंचने की भी कोशिश की है लेकिन वे नहीं मिले। कई टीमें पुणे और आस-पास के स्थानों पर उनकी तलाश कर रही हैं, जहां उनके कुछ फार्महाउस और अन्य घर हैं।"












Click it and Unblock the Notifications