तीसरे मोर्चे की कवायद तेज! संजय राउत ने कहा- कांग्रेस के बिना अधूरा है विपक्षी दलों का गठबंधन
मुंबई, 26 जून। महाराष्ट्र में अगले साल होने जा रहे बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनाव को लेकर जहां कांग्रेस अकेले मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है। वहीं शिवसेना, कांग्रेस के इस फैसले को गलत बता रही है। हालांकि घरेलू मुद्दे पर शिवसेना और कांग्रेस में भले ही तालमेल ठीक ना बैठ रहा हो लेकिन राष्ट्रीय मुद्दे पर शिवसेना ने बीजेपी के खिलाफ मोर्चा खोलने के लिए खुले दिल से कांग्रेस को समर्थन देना शुरू कर दिया है। शनिवार को शिवसेना नेता संजय राउत कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर विपक्षी दलों का गठबंधन कांग्रेस के बिना अधूरा है।

गौरतलब है कि विपक्षी दलों के 22 जून को हुई विपक्षी दलों की राष्ट्र मंच बैठक के बाद देश में तीसरे मोर्चे की संभावना को लेकर राजनीतिक गलियारों में हलचल है। इस बीच एनसीपी चीफ शरद पवार ने भी तीसरा मोर्चा को लेकर कहा कि कांग्रेस के बिना यह पूर्ण नहीं होगा। अब संजय राउत ने भी कुछ ऐसा ही कहा है। संजय राउत ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर सभी विपक्षी दलों को एक साथ लाने का काम चल रहा है, लेकिन कांग्रेस उस गठबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी जिसका उद्देश्य वर्तमान सरकार को एक मजबूत विकल्प प्रदान करना है।
यह भी पढ़ें: 'ट्विटर पर पीएम की आलोचना से कुछ नहीं होगा, जमीन पर उतरिए', शिवसेना ने कसा राहुल पर तंज
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक संजय राउत ने कहा, 'कांग्रेस गठबंधन में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। यह वर्तमान सरकार का एक मजबूत विकल्प होगा। सभी विपक्षी दलों को एक साथ लाने के लिए काम चल रहा है, जो तब तक पूरा नहीं होगा जब तक कि कांग्रेस में शामिल नहीं हो जाती।' बता दें कि शिवसेना की ओर से यह बयान तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी), समाजवादी पार्टी (सपा), आम आदमी पार्टी (आप), राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) और वाम दलों सहित आठ विपक्षी दलों के नेताओं की नई दिल्ली में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) प्रमुख शरद पवार के साथ बैठक के चार दिन बाद आया है। बताया जा रहा है कि इस बैठक में देश के सामने आ रहे विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई थी। हालांकि बैठक में कांग्रेस का कोई नेता मौजूद नहीं था।












Click it and Unblock the Notifications