अमृता फडणवीस की शिकायत के बाद डिजाइनर अनीक्षा गिरफ्तार, अनिल जयसिंघानी की तलाश जारी
डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस की शिकायत के बाद पुलिस ने अक्षन जयसिंघानी को हिरासत में ले लिया है। डिजाइनर अनीक्षा जयसिंघानी के खिलाफ दर्ज केस के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की है।

Maharashtra News: मुंबई पुलिस ने सट्टेबाज अनिल जयसिंघानी (Bookie Anil Jaisinghani) के बेटे अक्षन जयसिंघानी (Akshan Jaisinghani) को डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस द्वारा दायर एक मामले के सिलसिले में पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। फिलहाल, पुलिस जयसिंघानी से पूछताछ में जुटी है। पुलिस ने अमृता फडणवीस की शिकायत के बाद डिजाइनर अनीक्षा को गिरफ्तार कर लिया है।
आपराधिक मामले में हस्तक्षेप करने और धमकी देने का आरोप
दरअसल, अमृता फडणवीस ने डिजाइनर अनीक्षा जयसिंघानी पर कथित तौर पर एक आपराधिक मामले में हस्तक्षेप करने, रिश्वत देने की कोशिश और धमकाने के आरोप लगाए थे। साथ ही डिजाइनर अनीक्षा जयसिंघानी (अनिल जयसिंघानी की बेटी) के खिलाफ मालाबार हिल पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कराया था। फिलहाल, पुलिस ने इस मामले में अक्षन जयसिंघानी को हिरासत में ले लिया है।
मुंबई पुलिस ने बताया कि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस की शिकायत के बाद मुंबई पुलिस ने डिजाइनर अनीक्षा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस दूसरे आरोपी अनिल जयसिंघानी की तलाश कर रही है।
20 फरवरी को पुलिस ने दर्ज किया था मामला
अधिकारी ने बताया कि, अमृता की शिकायत पर 20 फरवरी को मालाबार हिल पुलिस थाने में महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी, जिसकी पहचान अनीक्षा और उसके पिता के रूप में की गयी है। अधिकारी ने कहा कि इस मामले में अब तक अनीक्षा को गिरफ्तार किया गया है। प्राथमिकी में कहा गया है कि अनिक्षा पिछले 16 महीनों से अमृता के संपर्क में थी और उसके घर भी जाती थी। पुलिस को दिए अपने बयान में अमृता ने कहा कि वह अनीक्षा से पहली बार नवंबर 2021 में मिली थीं।
अनीक्षा ने की अमृता को 1 करोड़ रुपये देने की पेशकश
अधिकारी ने कहा कि अमृता का विश्वास हासिल करने के बाद, अनीक्षा ने उसे कुछ सटोरियों के बारे में जानकारी देने की पेशकश की, जिसके जरिए उसने दावा किया कि वे पैसे कमा सकते हैं। अधिकारी ने कहा कि इसके बाद उसने अमृता को सीधे 1 करोड़ रुपये की पेशकश की। अधिकारी ने कहा कि अमृता ने पुलिस को बताया कि वह अनीक्षा के व्यवहार से परेशान थीं और उन्होंने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया था।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
इसके बाद महिला ने कथित तौर पर अमृता को एक अज्ञात नंबर से वीडियो क्लिप, वॉयस नोट और कई संदेश भेजे। अधिकारी ने प्राथमिकी का हवाला देते हुए कहा कि उसने और उसके पिता ने अप्रत्यक्ष रूप से अमृता के खिलाफ धमकी दी और साजिश रची। शहर की पुलिस ने अनीक्षा और उसके पिता के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 120-B (षड्यंत्र) और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत एक लोक सेवक को भ्रष्ट और अवैध तरीकों का उपयोग करने के लिए प्राथमिकी दर्ज की है।












Click it and Unblock the Notifications