Pinky Mali: प्लेन क्रैश होने से पहले पिंकी ने किया था घर पर कॉल, बातचीत का खुलासा कर भावुक हुए पिता
Pinky Mali Flight Attendant Father Statement: पुणे के बारामती में हुआ विमान हादसा न केवल महाराष्ट्र की राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति है, बल्कि यह उन परिवारों के लिए भी कभी न खत्म होने वाला दर्द दे गया है जिन्होंने अपने अपनों को खोया है। इस हादसे में राज्य के उपमुख्यमंत्री अजित पवार (Ajit Pawar) के साथ-साथ चार अन्य जिंदगियां भी हमेशा के लिए शांत हो गईं।
विमान के मलबे से लेकर पायलटों के आखिरी संवाद तक, हर नई जानकारी दिल को झकझोर देने वाली है। विशेष रूप से फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली (Pinky Mali Flight Attendant) की कहानी संघर्ष और सफलता की एक ऐसी मिसाल थी, जिसका अंत बेहद दर्दनाक रहा।

एक मध्यमवर्गीय परिवार से निकलकर प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति जैसी हस्तियों के साथ उड़ान भरने वाली पिंकी की मेहनत ने उन्हें बारामती की उसी माटी में सुला दिया। मीडिया रिपोर्ट्स और शुरुआती जांच के अनुसार, विमान को उड़ाने वाले दोनों पायलट बेहद अनुभवी थे। मुख्य पायलट सुमित कपूर को कई सालों का उड़ान अनुभव प्राप्त था। वहीं को-पायलट शांभवी पाठक, जो 2022 से कंपनी के साथ जुड़ी थीं, उन्होंने मुंबई यूनिवर्सिटी से शिक्षा प्राप्त कर न्यूजीलैंड में पायलट ट्रेनिंग ली थी।
फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली के पिता ने क्या बताया (Pinky Mali Flight Attendant's Father Statement)
अचानक हुए इस हादसे ने पायलटों को संभलने का मौका तक नहीं दिया। विमान हादसे में जान गंवाने वाली फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली के पिता आशीष कुमार माली ने अपने गहरे दुख के साथ बेटी ले बारे में जानकारी दी। पिंकी माली के पिता ने बताया कि उनकी बेटी पिछले 8 वर्षों से फ्लाइट अटेंडेंट के रूप में काम कर रही थी। उन्होंने जानकारी दी कि पिंकी ने शुरुआती 3 साल अंधेरी स्थित इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर अपनी सेवाएं दीं, जिसके बाद उसके बेहतरीन काम को देखते हुए उसे प्रमोट किया गया। पिछले 5 वर्षों से वह कलिना (सांताक्रूज) से चार्टर्ड विमानों में उड़ान भर रही थी।
पिंकी माली प्रधानमंत्री-राष्ट्रपति के साथ भी कर चुकी थी फ्लाई
आशीष कुमार जी ने गर्व के साथ बताया कि यह अजित पवार के साथ पिंकी का चौथा टर्म (कार्यकाल) था। इतना ही नहीं, पिंकी अपने करियर में देश के प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति जैसे गणमान्य व्यक्तियों के साथ भी फ्लाई कर चुकी थी। हादसे वाले दिन को याद करते हुए उन्होंने कहा, "बेटी फोन पर बात करके गई थी कि वह अजित पवार के साथ बारामती जा रही है और वहां से उसे नांदेड़ जाना था। हमें तो टीवी के जरिए पता चला कि विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है और मेरी बेटी अब इस दुनिया में नहीं रही।" उन्होंने बताया कि फिलहाल उनका दामाद बारामती पहुंच चुका है।
Pinky Mali Flight Attendant: पिंकी ने फ्लाइट के बारे में पिता को क्या बताया था?
उन्होंने आगे कहा कि पिंकी ने कभी भी फ्लाइट में किसी भी तरह की तकनीकी दिक्कत या परेशानी का जिक्र नहीं किया था। वह अपने काम में बहुत निपुण थी, इसीलिए उसे लगातार प्रमोशन मिलते रहे। आशीष जी ने भावुक होते हुए कहा, "हम लोग झोपड़पट्टी में रहने वाले मिडल क्लास लोग हैं, मुझे अपनी बेटी की कामयाबी पर बहुत गर्व था।"
राजनीतिक संबंधों पर बात करते हुए उन्होंने बताया कि उनकी अजित पवार से 'देवगिरी' (बंगले) पर मुलाकात हुई थी। अजित दादा ने ही उन्हें मुंबई का पदाधिकारी बनाया था और वह पिछले 4 टर्म से मुंबई में लगातार पार्टी के लिए काम कर रहे हैं। अंत में उन्होंने रुंधे हुए गले से कहा, "अजित दादा और मेरी बेटी का ऐसा अंत होगा, यह बहुत ही दुखद और अकल्पनीय है। मैंने तो अपनी बेटी खोई है, लेकिन महाराष्ट्र ने अपना एक सच्चा सपूत खो दिया है।"
ये भी पढ़ें: Ajit Pawar plane crash: कौन थीं Pinki Mali? जिनकी प्लेन क्रैश के दौरान अजित पवार के साथ हुई मौत












Click it and Unblock the Notifications