1 रुपए के नोट के बदले 10 लाख की चपत, कैशियर से ठगी की कहानी हैरान कर देगी
One Rupee Note Fraud: इनाम के लालच में अक्सर लोग ठगी का शिकार हो जाते हैं, लेकिन मुंबई से सामने आई यह घटना किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है। मुंबई में एक सरकारी बीमा कंपनी में काम करने वाले कैशियर को सोशल मीडिया पर देखे गए एक विज्ञापन के चलते बड़ा नुकसान उठाना पड़ा।
विज्ञापन में दावा किया गया था कि अगर कोई व्यक्ति 1 रुपए का पुराना नोट भेजेगा, तो उसे लाखों रुपये का इनाम मिलेगा। बस फिर क्या लालच में आकर शख्स ने दिमाग नहीं लगाया और सरकारी बीमा कंपनी में काम करने वाला कैशियर 10.38 लाख रुपए की ठगी का शिकार हो गया।

45 वर्षीय पीड़ित, जो सांताक्रूज (पश्चिम) का निवासी है और चर्चगेट स्थित एक बीमा कंपनी में कैशियर के तौर पर काम करता है, उन्होंने गुरुवार को साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि 23 फरवरी को वह सोशल मीडिया पर रील देख रहा था, तभी उसकी नजर एक विज्ञापन पर पड़ी।
ऐड में दावा किया गया था कि जो शख्स 1 रुपए का नोट लेकर आएगा, उसे इनाम के तौर पर 4.53 लाख रुपए मिलेगा। इसी के साथ उस विज्ञापन में एक व्हाट्सएप नंबर भी दिया गया था।
झांसे में आकर भेजी नोट की फोटो
पीड़ित ने बताया कि दिए गए नंबर पर संपर्क कर 1 रुपए के नोट की फोटो भेजी। इसके बाद पंकज सिंह नाम के व्यक्ति ने खुद को सिक्कों की दुकान का कर्मचारी बताकर संपर्क किया और ₹6,160 जमा करवा लिए, वो भी फॉर्म भरवाने के बहाना बताकर।
यहां खेल खत्म नहीं हुआ और फिर इसके कुछ देर बाद शातिर ने कहा कि रजिस्ट्रेशन की राशि गलत बताई गई थी और अब उनको 6,107 और ट्रांसफर करने होंगे। पंकज नाम के शख्स ने भरोसा दिया कि पहले की जमा की गई रकम वापस कर दी जाएगी। इसके बाद उसने पीड़ित की बात अरुण शर्मा नाम के दूसरे व्यक्ति से कराई, जिसने खुद को इनाम प्रक्रिया से जोड़ने वाला व्यक्ति बताया।
RBI का फर्जी पत्र और लाखों की ठगी
अरुण ने एक फर्जी RBI पत्र भी भेजा, जिससे पीड़ित को यकीन हो गया कि वह सच में इनाम जीत चुका है। दोनों शातिर आरोपियों ने कई शुल्क, टैक्स और दस्तावेज के खर्चों के नाम पर कुल 10.38 लाख रुपए ठग लिए।
पीड़ित को जब यह कहा गया कि 6 लाख और दे दो, तो इनाम की राशि 25.56 लाख रुपए हो सकती है, तब जाकर उसे शक हुआ और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
जांच जारी, साइबर अपराध का मामला दर्ज
पश्चिम क्षेत्र साइबर पुलिस स्टेशन में आईटी एक्ट और भारतीय दंड संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।












Click it and Unblock the Notifications