महाराष्ट्र सरकार में मंत्री बने NCP नेता छगन भुजबल, कौन सा संभालेंगे मंंत्रालय?
Chhagan Bhujbal: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दिग्गज नेता छगन भुजबल का आखिरकार इंतजार आज खत्म हो गया। मंगलवार को राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल सी. पी. राधाकृष्णन ने छगन भुजबल को मंत्री पद की शपथ दिलाई। मंत्री पद की शपथ लेने के बाद छगन भुजबल, देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाले महाराष्ट्र मंत्रिमंडल में शामिल हो गए हैं।
महाराष्ट्र में ओबीसी समुदाय का प्रतिनिधित्व करने वाले छगन भुजबल ने एक दिन पहले ही ये खुलासा किया था कि उन्हें महाराष्ट्र कैबिनेट में शामिल किया जा रहा है।

वहीं आज मंत्री पद की शपथ लेने के बाद अजित पवार गुट वाली एनसीपी के वरिष्ठ नेता छगन भुजबल काफी संतुष्ट नजर आए। मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए छगन भुजबल ने कहा, "अगर अंत भला तो सब भला होता है।"
कौन सा मंत्रालय सौंपा जा रहा है?
आपको कौन सा मंत्रालय सौंपा जा रहा है? मीडिया के इस सवाल पर छगन भुजबल बोले," मैंने इससे पहले गृह मंत्रालय से लेकर हर जिम्मेदारी संभाली है, इस बार भी मुझे जो विभाग दिया जाएगा वो मैं संभाल लूंगा।" उन्होंने अंत में कहा, "हालांकि ये मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का विशेषाधिकार है कि मुझे कौन सा मंत्रालय सौंपा जाए।"
छगन भुजबल को मिल सकता है ये मंत्रालय
बता दें एनसीपी नेता धनंजय मुंडे के इस्तीफे के बाद महाराष्ट्र कैबिनेट में अजित पवार गुट की एनसीपी कोटे का एक मंत्री पद खाली हो गया था। उनके स्थान पर अब छगन भुजबल को मंत्री बनाया गया है। संभवत: छगन भुजबल को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग दिया जा सकता है जो धनंजय मुंडे संभाल रहे थे। याद रहे बीड़ के सरपंच संतोष देशमुख की नृशंस हत्या के आरोपी वाल्मीक कराड जो मुंडे का करीबी था उसकी गिरफ्तारी के बाद मुंडे को इस्तीफा देना पड़ा था।
#WATCH | Mumbai | After taking the oath as Maharashtra minister, NCP leader Chhagan Bhujbal says, "As it is said, 'everything is well if it ends well'. I have handled every responsibility, from the Home Ministry to everything. Whatever responsibility I'll be given, that will be… https://t.co/dykSnv4147 pic.twitter.com/hoVIoFjGrT
— ANI (@ANI) May 20, 2025
मंत्री पद ना मिलने से नाराज चल रहे थे छगन भुजबल
बता दें दिसंबर 2024 में जब महाराष्ट्र में महायुति सरकार में भुजबल का मंत्री बनना तय माना जा रहा था लेकिन इन्हें मंत्री नहीं बनाया गया। जिसके बाद छगन भुजबल और उनके समर्थकों ने अपनी पार्टी प्रमुख अजित पवार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। सड़क पर प्रदर्शन के अलावा कई बार मंचो पर छगन भुजबल ने मंत्री ना बनाए जाने पर नाराजगी भी जताई थी। हालांकि अब मंत्री बनाए जाने पर उनकी नाराजगी खत्म हो गई है।
छगन भुजबल के मंत्री बनने पर क्या बोले एकनाथ शिंदे?
वहीं छगन भुजबल को फडणवीस कैबिनेट में शामिल किए जाने पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, "छगन भुजबल अनुभवी नेता हैं और महाराष्ट्र की पूर्व की सरकारों में मंत्री रहते हुए अहम जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।"












Click it and Unblock the Notifications