अजित की बगावत पर बोले शरद पवार- 'कुछ दिनों में सामने आ जाएगी सच्चाई, फिर से खड़ी करूंगा पार्टी'
एनसीपी में बगावत के कुछ घंटे बाद पार्टी अध्यक्ष शरद पवार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने साफ कहा कि वो अजित पवार के साथ नहीं हैं। उनके पास विपक्ष के कई नेताओं का फोन आया, सबने एक स्वर में कहा कि वो अभी भी उनके साथ हैं। शरद पवार ने दावा किया कि वो पार्टी को फिर से खड़ा करके दिखाएंगे।
मीडिया से बात करते हुए शरद पवार ने कहा कि हम अजित के साथ नहीं है। कुछ दिनों में सच्चाई सामने आ जाएगी। मैंने पहले भी ऐसी बगावत देखी है, मैं फिर से पार्टी को खड़ा करके दिखाऊंगा। उन्होंने साफ कहा कि जो लोग पार्टी के खिलाफ काम कर रहे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने आगे कहा कि मुझे बहुत से लोगों से फोन आ रहे हैं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और अन्य लोगों ने मुझे फोन किया है। आज जो कुछ भी हुआ मुझे उसकी चिंता नहीं है। सोमवार को मैं वाई.बी. चव्हाण (महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री) का आशीर्वाद लूंगा और एक सार्वजनिक बैठक करूंगा।
भतीजे अजित के आरोपों पर उन्होंने कहा कि मैंने 6 जुलाई को सभी नेताओं की एक बैठक बुलाई थी, जहां कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होनी थी और पार्टी के भीतर कुछ बदलाव किए जाने थे लेकिन उससे पहले ही कुछ नेताओं ने अलग रुख अपनाया है। ये कोई नई बात नहीं है। 1980 में मैं जिस पार्टी का नेतृत्व कर रहा था, उसके 58 विधायक थे, बाद में सभी चले गए और केवल 6 विधायक बचे, लेकिन मैंने संख्या को मजबूत किया और जिन्होंने मुझे छोड़ा वे अपने निर्वाचन क्षेत्रों में हार गए।
बीजेपी और पीएम पर साधा निशाना
पवार ने कहा कि दो दिन पहले प्रधानमंत्री मोदी ने NCP के बारे कहा था कि एनसीपी खत्म हो चुकी पार्टी है। उन्होंने भ्रष्टाचार के आरोपों का जिक्र किया। मुझे खुशी है कि मेरे कुछ साथियों ने आज शपथ ली है। उनके महाराष्ट्र सरकार में शामिल होने से ये स्पष्ट है कि वे सभी आरोप मुक्त हो गए हैं।
सहयोगी दलों के साथ करेंगे बैठक
पवार के मुताबिक विपक्ष के नेता के बारे में फैसला करना स्पीकर का अधिकार है। अगले दो-तीन दिनों में हम स्थिति का आंकलन करने के लिए कांग्रेस और उद्धव ठाकरे के साथ बैठेंगे। हमारी मुख्य ताकत आम लोग हैं, उन्होंने हमें चुना है।
उन्होंने प्रफुल्ल पटेल और सुनील तटकरे की भी बगावत पर नाराजगी जताई। एनसीपी चीफ ने कहा कि मैंने दोनों को अहम जिम्मेदारी दी थी, लेकिन उन्होंने उसका पालन नहीं किया। मैं उनके खिलाफ भी कार्रवाई करूंगा।












Click it and Unblock the Notifications