Nagpur Factory Blast: नागपुर में एनर्जी फैक्ट्री धमाके में 15 की मौत, 18 गंभीर रूप से घायल
Nagpur Factory Blast: महाराष्ट्र के नागपुर जिले में स्थित एसबीएल एनर्जी लिमिटेड (SBL Energy Limited) में भीषण विस्फोट से बड़ा हादसा हो गया। नागपुर ग्रामीण के एसपी हर्ष पोद्दार के मुताबिक इस धमाके में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया है।
घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, धमाका सुबह लगभग 7:00 से 7:15 बजे के बीच हुआ, जब मजदूर सुबह की शिफ्ट में काम कर रहे थे।

Nagpur Factory Blast: कुछ मिनटों में राख हुई फैक्ट्री की इमारत
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि फैक्ट्री की इमारत पूरी तरह ढह गई। ब्लास्ट का कंपन कई किलोमीटर दूर तक महसूस किया जा रहा था। यह प्लांट खनन कार्यों में इस्तेमाल होने वाले डिटोनेटर और औद्योगिक विस्फोटक बनाने के लिए जाना जाता है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दिया।
Nagpur News: मृतकों की संख्या में हो सकता है इजाफा
नागपुर ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक हर्ष पोद्दार ने 15 लोगों की मौत की पुष्टि की है, जबकि 18 कर्मचारी घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायलों को नागपुर के ऑरेंज सिटी अस्पताल और सरकारी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है। प्रशासन को आशंका है कि मरने वालों की संख्या में इजाफा हो सकता है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी घटना स्थल पर पहुंच गए हैं।
प्रारंभिक रिपोर्ट्स के अनुसार, विस्फोट डिटोनेटर पैकिंग यूनिट में हुआ। जिला प्रशासन और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। साथ ही घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं, ताकि धमाके के वास्तविक कारणों और सुरक्षा मानकों में किसी तरह की लापरवाही की जांच की जा सके।












Click it and Unblock the Notifications