Mumbai weather: मुंबई में क्यों पड़ रही तेज गर्मी? AQI 300 के पार, IMD ने जारी किया अलर्ट
Mumbai weather: महाराष्ट्र में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। मुंबई और कोंकण क्षेत्र के लोग इस समय बदलते मौसम का अनुभव कर रहे हैं।कुछ हिस्सों में तेज गर्मी पड़ रही है, वहीं कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी की संभावना भी बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, 20 अक्टूबर को इन क्षेत्रों में मौसम में कोई खास बदलाव नहीं आएगा।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा अपडेट के मुताबिक, 20 अक्टूबर को मुंबई का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। इस दौरान आर्द्रता लगभग 61% और हवा की गति 10 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि सुबह से ही सूरज की तपिश महसूस हो रही है और दोपहर के बाद उमस और बढ़ेगी। नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे दोपहर में अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें और पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थों का सेवन करें।

मुंबई में हवा हुई जहरीली
बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) में AQI 310 दर्ज किया गया, जिसे 'बहुत खराब' श्रेणी में रखा गया है, जो एक दिन पहले 231 था। अन्य प्रभावित क्षेत्रों में नवी नगर (263), कोलाबा (263), खेरवाड़ी (225) और देवनार (212) शामिल हैं। मुंबई का समग्र AQI 158 था, जिसे मध्यम माना गया है।
मुंबई में क्यों पड़ रही इतनी गर्मी?
मुंबई में इन दिनों गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है।IMD के अनुसार, समुद्र से आने वाली हवाओं में देरी के कारण शहर के तापमान में अचानक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इस वजह से मुंबईकरों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि तापमान में यह वृद्धि अगले दो दिनों तक ऐसे ही बनी रह सकती है।
ठाणे और नवी मुंबई और पालघर में कैसा रहेगा मौसम?
ठाणे और नवी मुंबई क्षेत्रों में भी यही स्थिति बनी हुई है। इन इलाकों में पिछले कुछ दिनों से रुक-रुक कर बादल छाए रहे थे, लेकिन अब फिर से तेज धूप निकल रही है। बढ़ते तापमान के कारण उमस बढ़ रही है, और मौसम विभाग ने नागरिकों से अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने की अपील की है। इसी तरह, पालघर जिले की स्थिति भी मुंबई जैसी ही है। यहां कुछ दिन पहले हुई हल्की बारिश अब रुक गई है और तापमान में वृद्धि हुई है। परिणामस्वरूप, गर्मी का एहसास स्पष्ट रूप से हो रहा है।
महाराष्ट्र के इन क्षेत्रों चलेगी तेज हवा, होगी बारिश
महाराष्ट्र की बात करें तो माौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार दक्षिण कोंकण-गोवा और दक्षिण मध्य महाराष्ट्र के जिलों में अलग-अलग स्थानों पर बिजली, हल्की वर्षा, 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
कोंकण के रायगढ़ जिले में मौसम स्थिर और शुष्क बना हुआ है। हालांकि, रत्नागिरी जिले के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। इस बीच, सिंधुदुर्ग जिले के लिए मौसम विभाग ने लगातार तीसरे दिन येलो अलर्ट जारी किया है। इसलिए, इस क्षेत्र में आज रुक-रुक कर बारिश और बादलों का मौसम रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने सिंधुदुर्ग जिले के लिए येलो अलर्ट जारी रखा है, जिसमें आज भी बारिश और बादल छाए रहने की संभावना है। मानसून की वापसी के बाद मुंबई की हवा की गुणवत्ता (AQI) में गिरावट आई है, जिसे दिवाली के पटाखों ने और खराब कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications