Mumbai Weather: मुंबई में 40 KM प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी तूफानी हवाएं, BMC ने जारी किया अलर्ट
Mumbai Weather: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई में 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। जिसमें तीन घंटों के दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। मुंबई के नागरिकों को इस अवधि में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
इस गंभीर चेतावनी के मद्देनजर, बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने भी लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित रहने की अपील की है। बीएमसी ने स्पष्ट किया है कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही अगले तीन घंटों के लिए घर से बाहर निकलें।

नागरिकों को तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने या पुरानी और असुरक्षित इमारतों के हिस्सों के ढहने जैसी दुर्घटनाओं की संभावना को देखते हुए यात्रा करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए। यदि संभव हो तो यात्रा टालने का प्रयास करें।
समुद्र किनारे ना जाने की दी गई सलाह
इसके अतिरिक्त, समुद्र तटों या जल निकायों के पास जाने से बचें। मुंबई शहर और उपनगरों के सभी नागरिकों से प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने और अगले कुछ घंटों तक सतर्क रहने का आग्रह किया गया है।
शनिवार को मुंबई के कई इलाकों में 'येलो अलर्ट' के बीच मध्यम से भारी बारिश हुई। पिछले 24 घंटों में कोलाबा स्टेशन पर 54 मिमी और सांताक्रूज़ वेधशाला में 12 मिमी बारिश दर्ज की गई।
मुंबई में इस सितंबर महीने में अब तक कुल 445 मिमी बारिश हो चुकी है। यह शहर के मासिक औसत 380 मिमी से काफी अधिक है, जो सामान्य से ज़्यादा बारिश का संकेत है।
28 से 30 सितंबर के बीच कैसा रहेगा मौसम?
IMD ने रविवार के लिए मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और पालघर जिलों में 'रेड अलर्ट' जारी किया है। यह चेतावनी सोमवार सुबह तक प्रभावी रहेगी। अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश, गरज और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए यह अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार 28 से 30 सितंबर के बीच मुंबई और उपनगरों (suburbs) में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है, जो लगातार या छोटे-छोटे अंतराल पर जारी रहेगी।
मुंबई में क्यों हो रही इतनी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना एक निम्न दबाव का क्षेत्र जल्द ही अवदाब (depression) में बदल सकता है। यह 27 सितंबर को दक्षिण ओडिशा तट से टकराकर पश्चिम की ओर बढ़ेगा, जिसका असर मुंबई और उसके आसपास के इलाकों के अलावा महाराष्ट्र के अधिकांश हिस्सों पर भी देखने को मिलेगा।
3 दिन की लगातार बारिश बिगाड़ सकती हैं हालात
लगातार तीन दिनों तक होने वाली बारिश के चलते मुंबई में सामान्य जनजीवन प्रभावित हो सकता है। सड़कों पर जलभराव, लोकल ट्रेनों की आवाजाही में देरी और सड़क यातायात व हवाई उड़ानों पर भी असर पड़ने की आशंका है। जिसके चलते बीएमसी ने ये चेतावनी जारी की है।
कब होगी मानसून की विदाई?
1 अक्टूबर को तेज़ बारिश शहर के उत्तरी हिस्सों की ओर बढ़ सकती है, हालांकि कुछ भारी बौछारें तब भी संभव हैं। 2 अक्टूबर से मौसम में सुधार शुरू होगा और 3 अक्टूबर को अधिक राहत मिलने की उम्मीद है, जिसके बाद केवल हल्की बारिश होने के आसार हैं। अक्टूबर के पहले सप्ताह के बाद कभी भी मॉनसून की वापसी हो सकती है। मुंबई से मॉनसून की वापसी की सामान्य तिथि 8 अक्टूबर निर्धारित है।












Click it and Unblock the Notifications