Mumbai weather: मुंबई समेत इन जिलों में होगी मूसलाधार बारिश, IMD ने जारी किया 24 घंटे का अलर्ट
Mumbai weather: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आज मुंबई और पूरे कोंकण क्षेत्र के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विशेष रूप से, मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई, रायगढ़, रत्नागिरी, पालघर और सिंधुदुर्ग जिलों में दिनभर तेज बारिश होने की संभावना है, जिसके लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है।
मुंबई और उसके आसपास के इलाकों जैसे ठाणे, पालघर और रायगढ़ में सप्ताहांत में मध्यम बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, इस सप्ताह भी ऐसे ही हालात बने रहने की संभावना है। मुंबई को सोमवार के लिए 'येलो अलर्ट' पर रखा गया है।
रविवार को अंधेरी, विक्रोली, भायखला, कोलाबा, वर्ली, पाली हिल, सांताक्रूज़, दहिसर, बोरीवली और मुलुंड जैसे कई क्षेत्रों में अच्छी-खासी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए मुंबई शहर और उपनगरों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और आज शहर में दिनभर मूसलाधार बारिश का अनुमान है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो सकती है। शहर का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

ठाणे और नवी मुंबई में भी आज होगी भारी बारिश
ठाणे और नवी मुंबई में भी आज भारी बारिश की संभावना है। इन क्षेत्रों के लिए भी 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है। भारी बारिश के कारण मध्य रेलवे की सेवाओं में व्यवधान आ सकता है। मौसम विभाग ने नागरिकों से सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने का आग्रह किया है।
पालघर में दो-तीन दिन से हो रही लगातार बारिश
पालघर जिले में पिछले दो-तीन दिनों से लगातार बारिश हो रही है। आज भी जिले के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है। कुछ हिस्सों में मूसलाधार तो कुछ में मध्यम बारिश होने की संभावना है। हवा की गति मध्यम से तेज रहेगी और मौसम में नमी महसूस होगी।
कोंकण के इन जिलों में होगी बारिश
कोंकण के रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों में भी आज बारिश का जोर बना रहेगा। इन तीनों जिलों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है। पिछले कुछ दिनों से लगातार भारी बारिश ने सामान्य जनजीवन को प्रभावित किया है, और मौसम विभाग ने आज भी कई इलाकों में जलभराव की आशंका जताई है।












Click it and Unblock the Notifications