Mumbai Weather: मुंबई में 40km की रफ्तार से चलेगी तेज हवाएं, होगी तेज बारिश, IMD ने जारी किया येलो अलर्ट
Mumbai Weather: मुंबई के लोगों को लंबे समय से सता रही भीषण गर्मी और उमस से आखिरकार बड़ी राहत मिलनी शुरू हो गई है। रविवार सुबह मुंबई के कई हिस्सों में हुई मानसून की हल्की बारिश ने चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई और उसके आसपास के कोस्टल एरिया के लिए 24 जून तक के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है।
मुंबई समेत कई जिलों में येलो अलर्ट
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, मुंबई में अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर बारिश का यह दौर जारी रहने वाला है। विभाग ने मुंबई के अलावा ठाणे, पालघर, रायगढ़ और सिंधुदुर्ग जिलों के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया है। इस अवधि के दौरान मध्यम से तेज बारिश, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है, साथ ही करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान लगाया गया है।

मुंबई में कब मानसून पूरी तरह से हो जाएगा सक्रिय?
IMD मुंबई की वैज्ञानिक सुषमा नायर ने मौसम की ताजा परिस्थिति पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि राज्य में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल बन रही हैं। इस समय मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में हो रही बिखरी हुई बारिश एक सामान्य प्राकृतिक प्रक्रिया का हिस्सा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 23 जून तक मानसून आधिकारिक तौर पर मुंबई पर पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा।
मुंबई में अब तक कितनी हुई बारिश?
रविवार सुबह मुंबई के अलग-अलग हिस्सों में हुई करीब आधे घंटे की बारिश से लोगों को काफी राहत मिली। आंकड़ों के मुताबिक, विभिन्न रिहायशी और व्यावसायिक इलाकों में बारिश दर्ज की गई, जिसमें वरली में 25 मिलीमीटर, घाटकोपर में 24 मिलीमीटर, लोअर परेल में 21 मिलीमीटर, चेंबूर में 20 मिलीमीटर और मानखुर्द में 16 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इस बारिश के चलते मुंबई शहर के तापमान में भी गिरावट देखने को मिली है।
मुंबईवासियों को उमस से मिली राहत
सांताक्रूज़ वेधशाला में न्यूनतम तापमान गिरकर 25.8 डिग्री सेल्सियस और कोलाबा वेधशाला में 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शनिवार को यही न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ था, जिससे लोग काफी परेशान थे। तापमान में आई इस गिरावट से मौसमी उमस से बड़ी राहत मिली है।
एल नीनो के प्रभाव से मानसून में हुई देरी
इस साल मुंबई में मानसून अपने तय वक्त से काफी पिछड़ गया है। आमतौर पर 11 जून तक आने वाला मानसून इस बार प्रशांत महासागर में सक्रिय रही वैश्विक जलवायु घटना 'एल नीनो' (El Nino) के प्रभाव के कारण देर से पहुंचा है। इस वातावरणीय बदलाव की वजह से हवा के रुख और बादलों की रफ्तार पर सीधा असर पड़ा, जिससे मुंबईकरों को मार्च महीने से ही अत्यधिक गर्मी और उमस का प्रकोप झेलना पड़ रहा था।













Click it and Unblock the Notifications