Mumbai Pod taxi: मुंबई में जल्द शुरू हो रही ड्राइवरलेस पॉड टैक्सी, CM फडणवीस ने बताया रूट और स्टॉपेज स्टेशन
Mumbai Pod Taxi Services: सपनों की नगरी मुंबई में जनसंख्या लगातार बढ़ती जा रही है, जिसके कारण सड़कें भारी भीड़, ट्रैफिक और लोकल ट्रेनें यात्रियों से खचाखच भरी रहती हैं। इस समस्या से मुंबई वालों को जल्द बड़ी राहत मिलने वाली है क्योंकि महाराष्ट्र की फडणवीस सरकार ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने बताया कि मुंबई में जल्द पॉड टैक्सियां (Pod Taxi Services) दौड़ेगीं। ये पॉड टैक्सियां शुरू होने से सड़कों पर ट्रैफिक कम होगा और यात्रियों का समय भी बहुत बचेगा।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई में पॉड टैक्सी सेवा शुरू करने का ऐलान करते हुए बताया कि ये टैक्सी सुविधा शहर में लास्ट-माइल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएगी और सड़क यातायात पर दबाव कम करने में सहायक होगी।

Mumbai Pod Taxi Services rute: पॉड टैक्सी का क्या होगा रूट?
मुख्यमंत्री फडणवीस के अनुसार, पॉड टैक्सी सेवा विशेष रूप से कुर्ला और बांद्रा रेलवे स्टेशनों के बीच के व्यापारिक क्षेत्र में लागू की जाएगी। इस क्षेत्र में जल्द ही बुलेट ट्रेन स्टेशन और मुंबई हाई कोर्ट का नया परिसर बनने वाला है, जिससे यात्रियों की संख्या में बड़ी वृद्धि होगी। ऐसे में, पॉड टैक्सी एक अहम परिवहन विकल्प के रूप में उभरेगी।
सिंगल-कार्ड सिस्टम जल्द होगा शुरू, पॉड टैक्सी भी होगा ऑप्शन
फडणवीस ने बताया कि मुंबई में सभी ट्रांसपोर्ट सिस्टम (ट्रांसपोर्ट बस, लोकल ट्रेन, मेट्रो) को एक साथ जोड़ने के लिए सिंगल-कार्ड सिस्टम डेवलेप किया जा रहा है। पॉड टैक्सी सेवा भी इसी सिस्टम से जुड़ेगी, जिससे यात्रियों को एक एकीकृत और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिल सके।
मुंबई पॉड टैक्सी के क्या होंगे स्टापेज?
सीएम देवेंद्र फडणवीस ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को कुर्ला और बांद्रा स्टेशन क्षेत्रों का विकास करने के साथ ही बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) को पॉड टैक्सी मार्गों से जोड़ने के निर्देश दिए हैं।
क्या होती है पॉड टैक्सी?
पॉड टैक्सी, पर्सनल रैपिड ट्रांजिट (PRT) प्रणाली का हिस्सा है। ये पूरी तरह से स्वचालित, चालक रहित और इलेक्ट्रिक वाहन होते हैं, जो विशेष रूप से ऊंचे ट्रैक पर चलते हैं। इन टैक्सियों में आमतौर पर दो से छह यात्री बैठ सकते हैं। इन्हें निजी टैक्सी की तरह बुलाया जा सकता है, लेकिन ये कंप्यूटर सिस्टम की मदद से बिना चालक के ही चलते हैं।
मुंबई पॉड टैक्सी से क्या होगा लाभ?
पॉड टैक्सी का मुख्य लाभ यह है कि यह मौजूदा सड़कों पर यातायात का बोझ नहीं बढ़ाती और छोटी दूरी की यात्राओं के लिए निजी वाहनों का एक कुशल विकल्प प्रस्तुत करती है। यह तेज़, पॉइंट-टू-पॉइंट सेवा प्रदान करती है और पर्यावरण के अनुकूल भी है। हालांकि, ऊंचे ट्रैक और स्टेशन बनाने में इसकी लागत अधिक आती है, और यह मेट्रो या बसों की तरह बड़े पैमाने पर यात्रियों के लिए उतनी प्रभावी नहीं हो सकती है।
दुनिया में किन शहरों में चलती है पॉड टैक्सी?
दुनिया के कई शहरों में पॉड टैक्सी प्रणाली पहले से ही सफलतापूर्वक संचालित हो रही है। संयुक्त अरब अमीरात के मसदर सिटी और लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे पर यह प्रणाली कारगर साबित हुई है। भारत में भी इसे लागू करने की योजनाएं बन चुकी हैं, और अमृतसर व गुरुग्राम में पॉड टैक्सी परियोजनाओं पर विचार किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications