Mumbai Murder: अजीब नेचर का था मनोज साने, क्यों की पार्टनर की हत्या? पड़ोसियों ने बताया पूरा किस्सा
पड़ोसियों के मुताबिक मनोज साने किसी से बात नहीं करता था। उनको यकीन नहीं हो रहा कि उनके बगल के फ्लैट में हैवान रह रहा था।

मुंबई में भी श्रद्धा वाकर हत्याकांड जैसा मामला सामने आया है, जहां एक 56 साल के शख्स ने अपनी 32 साल की पार्टनर की हत्या कर दी। इसके बाद उसके शव को कई टुकड़ों में काटा और उसे अलग-अलग जगह पर ठिकाने लगाने लगा। अब पड़ोसियों ने उसको लेकर अहम खुलासा किया है।
मनोज अपनी लिव इन पार्टनर सरस्वती वैद्य के साथ मीरा रोड के गीता नगर फेज -7 स्थित गीता आकाशदीप बिल्डिंग में रहता था। उसका फ्लैट नंबर 704 था। उसका व्यवहार बहुत ज्यादा अजीब था, जिस वजह से उसकी पड़ोसियों ने भी बात नहीं होती थी।
उसके एक पड़ोसी ने बताया कि वो 3-4 साल से वहां पर रह रहे थे, लेकिन किसी को उनका नाम नहीं मालूम था। वो अपनी पार्टनर के साथ रहता और किसी दूसरे से बात नहीं करता। उनके घर का भी दरवाजा हमेशा बंद रहता था।
एक अन्य पड़ोसी ने बताया कि एक फ्लोर पर चार फ्लैट हैं। बाकी के तीन घरों में आसपास के लोग आते-जाते रहते थे, लेकिन मनोज के घर में कोई नहीं जाता था। वो लोग आपस में ही बिजी रहते थे।
ऐसे हुआ खुलासा
पिछले कुछ दिनों से उस फ्लैट के पास से बदबू आ रही थी, जो बुधवार को काफी ज्यादा बढ़ गई। उनको लगा कोई जानवर मरा होगा, ऐसे में उन्होंने ब्रोकर को बुलाया। सबने मिलकर दरवाजे पर आवाज लगाई, लेकिन किसी ने नहीं खोला। इसके बाद पुलिस बुलाई गई।
पुलिस ने जब दरवाजा खोला तो उनके होश उड़ गए। अंदर एक कटर पड़ा था, जिससे आमतौर पर पेड़ काटे जाते हैं। इसके बाद अंदर शरीर के टुकड़े दिखने लगे। इसके बाद सभी को बाहर निकालकर घर को सील कर दिया गया।
मिक्सी में पीसे टुकड़े?
पड़ोसियों को शक है कि आरोपी ने मिक्सी में शव के टुकड़ों को पीसा और उसे टॉयलेट में फ्लश कर दिया। हालांकि अभी तक पुलिस ने इस बारे में कुछ नहीं कहा। पड़ोसियों को अभी भी यकीन नहीं हो रहा कि उनके बगल में ऐसा हैवान रहता था।
क्या थी हत्या की वजह?
पुलिस के मुताबिक दोनों में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। कुछ ही देर में झगड़ा इतना बढ़ गया कि मनोज ने अपने पार्टनर की हत्या कर दी। इस बारे में आगे की जांच की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications