Mumbai local train: मुंबईकरों को मोदी सरकार दे रही बड़ी सौगात, इस लाइन पर बनेंगी 2 नई लेन
Mumbai local train: मोदी सरकार ने मुंबई के निवासियों की सुविधा के लिए बड़ा फैसला किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने बुधवार को बदलापुर से कर्जत के बीच तीसरी और चौथी रेलवे लाइन के निर्माण की परियोजना को मंजूरी दे दी है।
इस फैसले से लोकल ट्रेनों में भीड़ कम करने में मदद मिलेगी। 32 किलोमीटर के इस खंड में कुल 114 पुलों का निर्माण किया जाएगा, जिनमें आठ बड़े और 106 छोटे पुल शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, वाहनों और पैदल यात्रियों के लिए एक रोड अंडर ब्रिज भी बनाया जाएगा।

ये नई लाइनें मुंबई-पुणे के बीच रेल यात्रा की गति को बढ़ाने और मुंबई उपनगरीय रेलवे पर भीड़भाड़ को कम करने में सहायक होंगी। साथ ही, ये भविष्य की यात्री मांगों को पूरा करेंगी और दक्षिण भारत के साथ बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेंगी।
मुंबई-पुणे के यात्रियों को भी होगा फायदा
बदलापुर से कर्जत के बीच ये दो नई रेल लाइनें मुंबई उपनगरीय रेलवे के साथ-साथ मुंबई-पुणे के यात्रियों को भी लाभान्वित करेंगी। इन मल्टी-ट्रैकिंग परियोजनाओं से लगभग 585 गांवों के 32 लाख लोगों को सीधा संपर्क मिलेगा, जिससे उनकी यात्रा और आवागमन आसान हो जाएगा।
केंद्र सरकार ने इन रेलवे प्रोजेक्ट को भी दी मंजूरी
बदलापुर-कर्जत परियोजना के अलावा, केंद्र सरकार ने देवभूमि द्वारका (ओखा) - कानालूस दोहरीकरण परियोजना को भी मंजूरी दी है, जिसकी लंबाई 141 किलोमीटर है। महाराष्ट्र और गुजरात के चार जिलों से गुजरने वाली ये दोनों परियोजनाएं रेलवे नेटवर्क को लगभग 224 किलोमीटर तक बढ़ाएंगी।
मुंबई लोकल ट्रेनों में भीड़ होगी कम
विस्तारित लाइनों से यातायात की गति और क्षमता में वृद्धि होगी, जिससे भीड़ कम करने में मदद मिलेगी। ये परियोजनाएं आधुनिक डिजिटल-फर्स्ट दृष्टिकोण के तहत लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी और सुविधा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं।












Click it and Unblock the Notifications