Mumbai: 4 साल के मासूम को जंगल में उठा ले गया था तेंदुआ, चाचा ने ऐसे मौत के मुंह से बचा लिया
मुंबई, 29 सितंबर: मुंबई के आरे फॉरेस्ट इलाके में 25 साल के एक शख्स के हौसले की वजह से 4 साल का मासूम मौत के मुंह से सुरक्षित बच निकला। दरअसल, बच्चा घर के बाहर खेल रहा था और अचानक एक तेंदुए ने उसपर हमला कर दिया और उसे मुंह में दबोचकर जंगल की ओर भाग गया। यह सबकुछ बिजली की रफ्तार से हुआ। लेकिन, पास ही खड़े बच्चे के चाचा ने भी फौरन प्रतिक्रिया दिखाई और तेंदुए की ओर भाग पड़ा। उम्मीद कम थी, लेकिन उस शख्स ने हिम्मत दिखाई और आज वह मासूम सुरक्षित है। उसे चोटें आई हैं, लेकिन मौत के मुंह से निकल आया है।

बच्चे को तेंदुए के मुंह से छुड़ा लिया
26 सितंबर की बात है। शाम के 7 बज रहे होंगे। 4 साल का आयूष आरे इलाके के यूनिट-3 में अपने घर के बाहर खेल रहा था। तभी अचानक एक तेंदुआ उसपर झपट पड़ा। संयोग से उसके चाचा विनोद कुमार यादव की नजर बच्चे पर ही थी। तेंदुआ आयूष को दबोचकर भागा और उसके पीछे विनोद भी दौड़ पड़े। बाद में विनोद ने उस घटना के बारे में बताया, 'मैं दरवाजे पर ही खड़ा था, जब मैंने देखा कि तेंदुआ आयूष पर हमला कर रहा है। उसने आयूष का गर्दन दबोच रखा था। यह देखकर मैं चिल्लाया और तेंदुए के पीछे दौड़ा। तब तेंदुए ने आयूष का सिर दबोच लिया और जंगल की ओर भागने लगा। गनीमत यह रही कि दौड़ते वक्त उसकी पकड़ छूट गई और मैंने आयुष पर छलांग लगा दी और उसे पकड़ लिया।'

आयूष के गर्दन और सिर में चोट लगी है
बहरहाल, इस हमले में आयूष की गर्दन में चोटें आई हैं और सिर में 8 टांके लगे हैं। इस घटना के बाद से स्थानीय लोग सूर्यास्त के बाद घरों से बाहर निकलने में डर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन ने झाड़ियां साफ करवा दी हैं और कूड़ेदान डलवा दिए हैं, लेकिन भय का माहौल कायम है। आयूष की मां आरती यादव ने कहा है, 'हम सभी बहुत ही डरे हुए हैं। हम अपने बच्चों को घर में ही रखते हैं और उम्मीद करते हैं कि तेंदुआ जल्द पकड़ा जाएगा। भगवान की कृपा है कि मेरा बेटा सुरक्षित है। हमें आसपास स्ट्रीट लाइट चाहिए ताकि तेंदुए को देख सकें।'

लोगों में तेंदुए के चलते दहशत का माहौल
विनोद कुमार यादव ने कहा है कि 'स्थानीय लोगों में तेंदुए के हमले को लेकर लगातार डर बना हुआ है। पहले लोग यहां देर रात तक जगते थे, लेकिन अब सूर्यास्त होते ही अपने घरों में बंद हो जाते हैं। अगर किसी को वॉशरूम जाना है, तो उसके साथ चार लोग जाते हैं। हाल के दिनों में इस इलाके में तेंदुए के हमले की कई घटनाएं सामने आई हैं। एक महीने के अंदर तेंदुए के चार हमलों की घटना के बाद वन विभाग और संरक्षणवादियों ने वहां कैमरे और पिंजरे लगाए हैं, ताकि जंगल में इंसान और जानवरों के बीच टकराव को टाला जा सके।

वन विभाग और प्रशासन हुआ है ऐक्टिव
इस बीच वन विभाग ने यूनिट-3 के पास एक पिंजरा डलवाया है, जहां बच्चे पर हमला किया गया था। 31 अगस्त को यूनिट 31 में रात 10 बजे के करीब एक महिला पर भी हमला हुआ था। अगस्त के आखिरी हफ्ते में पिंटू पंडित नाम के एक युवक पर भी तेंदुए ने हमला किया था, जिसमें उसके हाथ जख्मी हो गए थे। अगस्त के तीसरे हफ्ते में 10 साल के रोहित बहादुर पर भी तेंदुए ने हमला कर दिया था। हाल ही में आरे डेयरी कोलोनी के गेट नंबर 22 के पास तेंदुए का एक छोटा शावक पकड़ा गया है, जिसे वन विभाग को सौंपा गया है। (आयूष और उसके चाचा की तस्वीर मीड डे अखबार से ली गई है। पहली तस्वीर वाला तेंदुआ हाल ही में कैमरे में कैद हुआ है। बाकी तस्वीरें फाइल एवं सांकेतिक हैं।)












Click it and Unblock the Notifications