Mumbai के विले पार्ले में शादी से पहले मातम, मशहूर बिजनेसमैन जीतू सात्रा के घर लगी भीषण आग, 1 महिला की हुई मौत
Mumbai fire incident: मुंबई के विले पार्ले इलाके में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। जहां एक परिवार शादी की खुशियों की तैयारियों में जुटा था, वहीं अचानक लगी भीषण आग ने उस खुशी को मातम में बदल दिया। मशहूर बिल्डर जीतू सात्रा के आवास 'सुविधा पर्ल' में लगी आग में परिवार की एक बुजुर्ग महिला की जान चली गई, जबकि एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
महाराष्ट्र टाइम्स के अनुसार, यह आग इमारत की 13वीं मंजिल पर लगी और तेजी से 14वीं मंजिल तक फैल गई। इस हादसे में 63 वर्षीय भावना सात्रा की मौत हो गई, जो जीतू सात्रा के भाई की पत्नी थीं। वहीं, जीतू सात्रा की बेटी अनेरी सात्रा गंभीर रूप से झुलस गईं और उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि यह हादसा ऐसे समय हुआ, जब मंगलवार को जीतू सात्रा के बेटे की शादी होनी थी। शादी की तैयारियों के चलते घर में कई रिश्तेदार मौजूद थे। अचानक लगी आग से अफरा-तफरी मच गई और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
सुबह करीब 10 बजे आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कम से कम पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया। इस दौरान घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होते रहे, जिनमें आग की भयावहता साफ नजर आ रही थी।
घायल महिलाओं को तुरंत नजदीकी नानावती अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने भावना सात्रा को मृत घोषित कर दिया। फिलहाल अनेरी सात्रा का इलाज जारी है। पुलिस और दमकल विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आग लगने के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि हर पहलू से जांच की जा रही है, ताकि इस दुखद हादसे की असली वजह सामने आ सके।












Click it and Unblock the Notifications