'...ये मेरा आखिरी गुड मॉर्निंग हो', फेसबुक पोस्ट के एक दिन बाद कोरोना संक्रमित डॉक्टर की मौत
मुंबई, अप्रैल 21: देश में कोरोना वायरस की रफ्तार इस बार पिछले साल की तुलना में दोगुनी है। आम लोगों के साथ भी बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मी भी इसकी चपेट में आ रहे हैं, जबकि ज्यादातर को वैक्सीन उपलब्ध करवा दी गई है। इस बीच सोमवार को मुंबई की एक डॉक्टर का निधन हो गया, जो कोरोना वायरस से संक्रमित थीं। उन्होंने मौत से एक दिन पहले फेसबुक पर पोस्ट डाली थी, जिसमें उन्होंने कुछ अनहोनी की आशंका जताई थी।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मुंबई की सीनियर डॉक्टर मनीषा जाधव (51) हाल ही में कोरोना से संक्रमित हो गई थीं। जिसके बाद उनको मुंबई के सेवरी टीबी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इस बीच रविवार को उन्होंने फेसबुक पर लिखा कि हो सकता है कि ये मेरा आखिरी गुड मॉर्निंग हो। हो सकता है कि मैं इस प्लेटफॉर्म पर आपसे फिर न मिलूं। ध्यान रहे कि इंसान का शरीर मर जाता है पर आत्मा नहीं मरती, आत्मा अमर है। इस पोस्ट के एक दिन बाद यानी सोमवार को उनका निधन हो गया।
रविवार को इस पोस्ट पर ज्यादा लोगों ने ध्यान नहीं दिया था, लेकिन डॉक्टर के निधन के बाद ये तेजी से वायरल हुई। इस पोस्ट को शेयर करने के साथ सोशल मीडिया यूजर्स सभी से कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करने की अपील कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर इंडियन मेडिकल एसोसिशन के मुताबिक महाराष्ट्र में अभी तक 18 हजार डॉक्टर कोरोना की चपेट में आए हैं। जिसमें से 18 की मौत हुई है।
एक और डॉक्टर ने की भावुक अपील
सोशल मीडिया पर इन दिनों मुंबई की डॉक्टर तृप्ति गिलाडा का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें उनकी आंखें नम हैं। उन्होंने कहा कि बहुत सारे राज्यों और शहरों में हालात खराब होते जा रहे हैं। हम लोगों ने इससे पहले ऐसी स्थिति नहीं देखी है। हम सभी असहाय हैं। अभी की स्थिति में इमोशनल ब्रेकडाउन हम सभी डॉक्टरों में भी कहीं ना कहीं हो रहा है, इसलिए अपना ख्याल रखें और खुद को सुरक्षित रखें।












Click it and Unblock the Notifications