मुंबई में गणेश आगमन जुलूस में गिरी भारी प्रतिमा, 2 की दर्दनाक मौत, 5 अस्पताल में भर्ती
Mumbai Ganeshotsav: मुंबई के भुलेश्वर इलाके में गणेशोत्सव की तैयारियों के बीच शनिवार रात बड़ा हादसा हो गया। गणेश आगमन समारोह के दौरान 'भुलेश्वर चा राजा' की विशाल प्रतिमा अचानक गिर गई। प्रतिमा की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों में 5 और 7 साल की दो बच्चियां भी शामिल हैं।
हादसा रात करीब 10 बजे बलराम मर्चेंट रोड पर कबूतरखाना के पास जय अंबे चौक में हुआ। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, एंबुलेंस और नगर निगम की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव शुरू किया।

कैसे हुआ हादसा?
शनिवार रात भुलेश्वर के जय अंबे चौक में 'भुलेश्वर चा राजा' की गणेश प्रतिमा को आगमन समारोह के तहत पंडाल की ओर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक प्रतिमा गिर गई। प्रतिमा के नीचे और आसपास मौजूद कुछ लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तुरंत पुलिस और बचाव दल को सूचना दी। इसके बाद फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
ये भी पढे़ं: CJP प्रोटेस्ट में पुलिस वैन रोकने वाली रिया अहीर पहुंचीं कमिश्नर ऑफिस, किस बात पर हुआ बवाल,क्या है पूरा मामला?
दो लोगों की मौत, 5 घायल
हादसे में संकेत नेवशे (33) और बृजेश हेमंत जोशी (30) गंभीर रूप से घायल हुए थे। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में वैभव घेनंद (38), पवन चौरसिया (25), लावण्या गनेर (5), दिव्या गनेर (7) और कुणाल काशिद (26) घायल हुए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है।
मौके पर पहुंचीं कई टीमें
प्रतिमा गिरने की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, एंबुलेंस और नगर निगम की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। राहत-बचाव अभियान चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस और प्रशासन की टीमें हादसे से जुड़े हालात की जांच कर रही हैं। फिलहाल अधिकारियों की ओर से प्रतिमा गिरने की वजह को लेकर कोई अंतिम कारण नहीं बताया गया है।
गणेश आगमन के दौरान जुटी थी भीड़
मुंबई में गणेशोत्सव के दौरान सार्वजनिक गणेश मंडल बड़े स्तर पर प्रतिमाओं की स्थापना करते हैं। प्रतिमा को पंडाल तक लाने के लिए गणेश आगमन जुलूस निकाले जाते हैं, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। ढोल-ताशों के बीच प्रतिमा को जुलूस के साथ ले जाया जाता है। भुलेश्वर में भी शनिवार रात ऐसा ही आगमन समारोह चल रहा था। इसी दौरान प्रतिमा गिरने से वहां मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई।
ये भी पढे़ं: Dawood Ibrahim की बहन को बेवा बनाने वाला 'Don Daddy' Arun Gawli अब क्या कर रहा? 18 साल जेल में बीते
इस साल 2,729 पंडालों को मिली मंजूरी
गणेशोत्सव को लेकर मुंबई में बड़े स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल BMC को गणेश पंडाल लगाने के लिए 3,767 आवेदन मिले थे, जिनमें से 2,729 को मंजूरी दी गई। साल 2022 में 3,487 आवेदन आए थे और 2,417 मंडलों को अनुमति मिली थी। इस साल गणेश चतुर्थी 14 सितंबर को मनाई जाएगी। ऐसे में भुलेश्वर हादसे के बाद गणेश आगमन और प्रतिमा ले जाने के दौरान सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठ रहे हैं।


Click it and Unblock the Notifications
