Weather: महाराष्ट्र में आसमान से बरस रही है आग, 1 महिला की मौत! कैसे बचें Heatstroke से?
Maharashtra Weather: अप्रैल में ही महाराष्ट्र में गर्मी ने गदर काट दिया है, आसमान से इस वक्त आग बरस रही है, आलम ये है कि लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। पिछले तीन दिनों से यहां पर हीटवेव का अलर्ट जारी है तो वहीं हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक 1 मार्च से 19 अप्रैल के बीच राज्य में लू के 31 मामले दर्ज किए गए हैं तो वहीं एक महिला की संदिग्ध मौत ने गर्मी से जुड़ी बीमारियों को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं।
दरअसल पिछले हफ़्ते अहिल्यानगर जिले के धवलपुरी गांव के मालवाड़ी की रहने वाली एक महिला हर्षदा चौधरी (45) दोपहर में अपने खेत में चारा काटने के दौरान गिर पड़ी थीं, उनके पति तुरंत उन्हें धवलपुरी के ग्रामीण अस्पताल ले गए, जहां पहुंचते ही उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

बाद में शव को जांच के लिए ज़िला अस्पताल भेज दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट से ही पता चलेगा कि महिला की मौत का कारण लू लगना है या किसी और वजह से उनकी मौत हुई है।
डॉ. संदीप सांगले ने कहा-रिपोर्ट का इंतजार है
राज्य स्वास्थ्य सेवाओं के संयुक्त निदेशक डॉ. संदीप सांगले ने भी इस बारे में कहा कि 'इस मौत को अभी भी 'संदिग्ध' श्रेणी में रखा गया है, एक समिति है, जो मौतों के कारणों की जांच करती है, इसके बाद ही यह तय किया जाता है कि मौत लू लगने (हीटस्ट्रोक) से हुई है या किसी अन्य अंदरूनी बीमारी के कारण। हमने जिला अस्पताल से इस मामले से जुड़े दस्तावेज हमारे साथ साझा करने को कहा है।'
Heatwave के अकोला में सबसे ज़्यादा 7 मामले दर्ज
विभाग के आंकड़ों के अनुसार 1 मार्च से 19 अप्रैल के बीच अकोला में सबसे ज़्यादा लू के सात मामले सामने आए हैं, इसके बाद नंदुरबार (5), रत्नागिरी (4), गढ़चिरौली (2), जालना (2), पालघर (2), रायगढ़ (2) और सतारा (2) का नंबर आता है। गोंदिया, जलगांव, नासिक, पुणे और ठाणे ज़िलों से एक-एक मामला सामने आया है। बीते दो दिनों से अमरावती में सर्वाधिक 43.4°C तापमान दर्ज हुआ। महाराष्ट्र के कम से कम 15 मौसम केंद्रों पर अधिकतम तापमान 40°C से 42°C के बीच चल रहा है।
क्या कह रहा है मौसम विभाग? क्या होगी बरसात?
मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक आज से राज्य के मौसम में बदलाव होगा। IMD ने बुधवार के लिए मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र और कोंकण के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। उसका कहना है कि राज्य में अगले तीन दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश होगी, जिससे तापमान में कमी आएगी और लोगों को राहत मिलेगी। मुंबई में बुधवार को अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है तो वहीं मुंबई और ठाणे में आज और कल हल्की-फुल्की बरसात हो सकती है।
हीट स्ट्रोक से बचने का सबसे अच्छा तरीका 'रोकथाम'
डॉ. रवि पांडे, मेडिसिन एमडी, प्रतापगढ़ ने वनइंडिया हिंदी से बात करते हुए कहा कि 'हीट स्ट्रोक तब होता है जब शरीर का तापमान 104°F (40°C) या उससे अधिक हो जाता है और शरीर खुद को ठंडा रखने की क्षमता खो देता है। यह एक 'मेडिकल इमरजेंसी' है इसलिए गर्मी में सभी को घर से बाहर निकलते वक्त कुछ बातों का विशेष ख्याल रखना चाहिए। डॉ पांडे ने कहा कि हीट स्ट्रोक से बचने का सबसे अच्छा तरीका 'रोकथाम' है।'
डॉक्टर ने बताया Heatstroke से बचने के उपाय
- जब शरीर में पानी और नमक की अत्यधिक कमी हो जाती है, तो पसीना आना बंद हो जाता है और शरीर का अंदरूनी तापमान बढ़ने लगता है, जिससे अंगों (दिमाग, किडनी, हृदय) को नुकसान पहुंच सकता है इससे बचने के लिए आप सभी लोग प्यास न लगने पर भी पानी पीते रहें।
- शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स का संतुलन बनाए रखने के लिए नींबू पानी, ओआरएस (ORS), नारियल पानी या छाछ का सेवन करें।
- दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच, जब सूरज की किरणें सबसे तेज होती हैं, बाहर निकलने से बचें।
- हल्के रंग के, ढीले-ढाले और सूती कपड़े पहनें। सिंथेटिक कपड़े पसीने को सोखते नहीं हैं, जिससे शरीर का तापमान बढ़ सकता है।
- जब भी धूप में निकलें, छाते का उपयोग करें या सिर को टोपी/तौलिये से ढकें।
- आंखों के बचाव के लिए धूप का चश्मा (Sunglasses) पहनें।
- अपनी डाइट में कच्चा प्याज शामिल करें, यह लू से बचाने में कारगर माना जाता है।
- तरबूज, खरबूजा, खीरा और ककड़ी जैसे फल खाएं जिनमें पानी की मात्रा अधिक होती है।
- चाय, कॉफी और शराब शरीर को डिहाइड्रेट (पानी की कमी) करते हैं, इसलिए इनका सेवन कम करें।












Click it and Unblock the Notifications