महाराष्ट्र में ट्रेडर्स एसोसिएशन ने उद्धव सरकार को दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम, बदल दें लॉकडाउन का फैसला
मुंबई। महाराष्ट्र में कोरोना महामारी को देखते हुए उद्धव ठाकरे सरकार ने सोमवार को गैर जरूरी सेवाओं और गैर आवश्यक वस्तुओं के लिए लॉकडाउन की घोषणा कर दी थी। राज्य में नई पाबंदियां 30 अप्रैल तक लागू रहेंगी। महाराष्ट्र सरकार के इस फैसले से राज्य में ट्रेडर्स एसोसिएशन और छोटे कारोबारी काफी नाराज हैं। यही वजह है कि फेडरेशन ऑफ एसोसिएशन ऑफ महाराष्ट्र और 750 से अधिक व्यापारी संगठनों ने उद्धव सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है कि वो अपने फैसले को वापस ले। आपको बता दें कि इन 750 व्यापारी संगठनों में छोटे व्यवसायों के लगभग 20,00,000 लोग सदस्य हैं।

रोजाना व्यापारी जगत को होगा 300 करोड़ रुपए का नुकसान
एक अंग्रेजी वेबसाइट की खबर के मुताबिक, सरकार के इस फैसले से कारोबारी तबके को होने वाली परेशानी को लेकर फेडरेशन ऑफ रिटेल ट्रेडर्स वेलफेयर एसोसिएशन के प्रेसिडेंट विरेन शाह ने कहा है कि राज्य में लॉकडाउन फिर से लगाने से रिटेल उद्योग पूरी तरह से नष्ट हो जाएगा और रोजाना 300 करोड़ रुपये का नुकसान होगा, लेकिन सरकार हमारी समस्या को समझ ही नहीं रही है और न ही हमारी बात सुन रही है। उन्होंने सरकार से लॉकडाउन के फैसले पर पुनर्विचार करने का निवेदन किया है।
लॉकडाउन नहीं हटा तो आत्महत्या करने पर होंगे मजबूर- FAM अध्यक्ष
वहीं दूसरी तरफ फेडरेशन ऑफ एसोसिएशन ऑफ महाराष्ट्र के अध्यक्ष विनेश मेहता ने कहा है कि हम पिछले साल लगाए गए लॉकडाउन से धीरे-धीरे बाहर आ रहे थे, लेकिन अब नए प्रतिबंधों से तो कारोबार सेक्टर एकदम से मर ही जाएगा, इसलिए हमने मुख्यमंत्री को अल्टीमेटम दिया है कि अगर 24 घंटे में फैसला नहीं बदला तो व्यापारी अपनी दुकानों पर काली पट्टी बांधकर और मास्क पहनकर गुरुवार दोपहर तक विरोध प्रदर्शन करेंगे। विनेश मेहता ने कहा कि अगर सरकार ने हमारी बात नहीं सुनी तो हमारे पास आत्महत्या करने के अलावा कोई और विकल्प नहीं होगा।
FAM के उपाध्यक्ष जितेंद्र शाह का कहना है कि सरकार के नए आदेश के खिलाफ हम अपना विरोध दर्ज कराएंगे। सरकार हमारे विरोध पर ध्यान नहीं दे रही है।












Click it and Unblock the Notifications