Maharashtra News: 'हिंदुओं को दुकानदारों का धर्म पूछना चाहिए', जानिए कौन हैं नितेश राणे जिसने दिया ये बयान
Maharashtra News: महाराष्ट्र के मंत्री नितेश राणे ने शुक्रवार को एक विवादास्पद बयान देते हुए कहा कि हिंदुओं को दुकानदारों से कुछ भी खरीदने से पहले उनका धर्म पूछना चाहिए। यह टिप्पणी 22 अप्रैल को दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद आई है।
पहलगाम में आतंकवादियों ने अंधाधुंध गोलीबारी की, जिसमें 26 लोग मारे गए। इनमें अधिकांश देश के अन्य राज्यों से आए पर्यटक थे, जो छुट्टियां मनाने वहां पहुंचे थे। वहां मौजूद चश्मदीदों के अनुसार, आतंकवादियों ने हमला करने से पहले पुरुष पर्यटकों से उनका नाम और धर्म पूछा था। बचे हुए लोगों का कहना है कि हमलावरों ने कुछ पर्यटकों से 'कलमा' पढ़ने को भी कहा और जो इसे पढ़ने में असमर्थ रहे, उन्हें बेरहमी से गोली मार दी गई।

हिंदुओं को दुकानदारों से कुछ भी खरीदने से पहले उनका धर्म पूछना चाहिए: नितेश राणे
इसी पृष्ठभूमि में महाराष्ट्र के मंत्री नितेश राणे ने रत्नागिरी जिले के दापोली में एक सभा को संबोधित करते हुए विवादास्पद बयान दिया। उन्होंने कहा,"अगर वे (आतंकवादी) हमें मारने से पहले हमारा धर्म पूछ रहे हैं, तो हिंदुओं को भी दुकानों से सामान खरीदते समय दुकानदार का धर्म पूछने का अधिकार होना चाहिए।"
औरंगजेब ने अपने पिता और भाई को भी नहीं बख्शा: नितेश राणे
राणे ने हिंदू संगठनों से ऐसी मांगें ज़ोर-शोर से उठाने की अपील करते हुए कहा कि कुछ दुकानदार या तो अपना धर्म छिपाएंगे या झूठ बोलेंगे। औरंगजेब का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मुगल बादशाह औरंगजेब ने अपने पिता और भाई को भी नहीं बख्शा। उसने अपने पिता और भाई का भी सम्मान नहीं किया। अगर उसने अपने पिता और भाई का सम्मान नहीं किया, तो वे आप लोगों का कैसे सम्मान कर सकते हैं?"
राणे ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि "अगर वे धर्म के बारे में इस तरह का व्यवहार कर रहे हैं, तो हम उनसे चीजें क्यों खरीदें और उन्हें अमीर क्यों बनाएं? आप लोगों को यह संकल्प लेना होगा कि जब भी आप कोई खरीदारी करें, तो उसे किसी हिंदू से ही खरीदें,"
कौन हैं नितेश राणे?
नितेश नारायण राणे एक भारतीय राजनीतिज्ञ हैं, जो महाराष्ट्र सरकार में मत्स्य पालन और बंदरगाह विकास मंत्री के रूप में कार्यरत हैं। वह भारतीय जनता पार्टी के सदस्य हैं और कणकवली विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। उनका जन्म 23 जून 1982 को मुंबई में हुआ था। नितेश राणे महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे के पुत्र हैं। वो अक्सर विवादों में रहते हैं। 2013 में गोवा में एक टोल बूथ पर तोड़फोड़ करने के आरोप में गिरफ्तार हुए। 2017 में एक सरकारी अधिकारी पर मछली फेंकने के लिए गिरफ्तार किए गए। 2024 में केरल को "मिनी-पाकिस्तान" कहने पर विवाद में आए, बाद में उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका आशय गलत समझा गया।












Click it and Unblock the Notifications