क्या बाबाजानी दुर्रानी छोड़ सकते हैं अजित गुट का साथ? महाराष्ट्र में चुनाव से पहले अटकलें तेज
Maharashtra Assembly Election: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से ठीक पहले प्रदेश में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इस बीच ऐसी खबर आ रही है कि अजित पवार वाली एनसीपी को एक और झटका लग सकता है।
खबर है कि एनजीपी के बड़े मुस्लिम चेहरों में से एक बाबाजानी दुर्रानी जल्द ही अजित पवार का साथ छोड़ उनके चाचा शरद पवार के गुट में शामिल हो सकते है। दुर्रानी के शरद गुट में शामिल होने की चर्चा शुक्रवार 26 जुलाई के बाद से शुरू हो गई है।

जब संभाजीनगर दौरे के वक्त बाबाजानी दुर्रानी ने शरद पवार से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद एनसीपी के कई बड़े नेताओं की तरफ से ऐसा दावा किया गया है कि दुर्रानी अजित पवार से नाराज चल रहे है।
खबर के मुताबिक, शरद पवार की पार्टी एनसीपी के प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटील ने भी बाबाजानी दुर्रानी से मुलाकात की थी। वो दुर्रानी से मिलने उनके आवास पर पहुंचे थे। शरद पवार और जयंत पाटील से मुलाकात के बाद दुर्रानी के शरद गुट में शामिल होने की अटकलें और तेज हो गई।
आपको बता दें कि बाबाजानी दुर्रानी वर्तमान में अजित पवार गुट के परभणी जिला अध्यक्ष हैं और उनका विधान परिषद का कार्यकाल कुछ दिनों में समाप्त हो रहा है। अगर, जयंत पाटील के साथ उनकी मुलाकात की बात करें तो यह मुलाकात बंद कमरे में हुई थी।
महाराष्ट्र में तेज हुई चुनाव की तैयारियां
बता दें कि महाराष्ट्र में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं। क्योंकि, विधानसभा का कार्यकाल इस साल 26 नवंबर को खत्म हो जाएगा। 288 विधानसभा सीटों के लिए महाराष्ट्र में अक्टूबर-नवंबर में चुनाव हो सकते है। चुनाव को लेकर सत्तारूढ़ महायुति और महाविकास अघाड़ी ने अपनी-अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं।












Click it and Unblock the Notifications