महाराष्ट्र निकाय चुनाव से पहले उद्धव ठाकरे शिवसेना (यूबीटी) को तगड़ा झटका, भाजपा में शामिल हुए कई दिग्गज नेता
Maharashtra News : महाराष्ट्र में आगामी निकाय चुनावों से पहले राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसी कड़ी में शिवसेना (यूबीटी) को बड़ा झटका उस वक्त लगा जब सिंधुदुर्ग जिले के कई प्रभावशाली नेता पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। बीजेपी में शामिल होने वालों में मालवण के पूर्व पार्षद मंदार केनी, यतिन खोट, दर्शना कासवकर और सेजल परब शामिल हैं।
इन सभी नेताओं का बीजेपी में औपचारिक स्वागत पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने किया। इस मौके पर बीजेपी के राज्य महासचिव एवं एमएलसी विक्रांत पाटिल और सिंधुदुर्ग जिला इकाई के अध्यक्ष प्रभाकर सावंत भी उपस्थित रहे।

रवींद्र चव्हाण ने कहा कि इन नेताओं का भाजपा में आना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की विकास नीति में उनके भरोसे को दर्शाता है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि सिंधुदुर्ग में पार्टी का संगठन अब और भी सशक्त होगा।
बीजेपी में क्यों आए नए नेता?
पूर्व पार्षद मंदार केनी ने कहा कि वे और उनके सहयोगी केंद्र व राज्य सरकार के कार्यों से प्रेरित हैं और पार्टी के लिए ईमानदारी से काम करने को प्रतिबद्ध हैं। उनका मानना है कि बीजेपी ही राज्य और देश के विकास का सही मार्ग प्रशस्त कर रही है।
दल-बदल की राजनीति तेज
महाराष्ट्र में इस साल के अंत तक होने वाले निकाय चुनावों से पहले राजनीतिक दलों में आवाजाही तेज हो गई है। जहां महायुति गठबंधन (बीजेपी, शिंदे गुट, अजित पवार गुट) अपनी पकड़ मजबूत कर रहा है, वहीं महाविकास अघाड़ी (शिवसेना यूबीटी, कांग्रेस, एनसीपी एसपी) में रणनीति को लेकर असमंजस बना हुआ है।
हाल ही में शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे की नज़दीकी भी चर्चा में है, लेकिन कांग्रेस और एनसीपी (एसपी) की स्थिति पर अभी सस्पेंस बरकरार है।
राजनीतिक समीकरण बदलने की शुरुआत?
सिंधुदुर्ग जैसे क्षेत्र में इस प्रकार का बदलाव संकेत देता है कि बीजेपी अपने संगठन को ज़मीनी स्तर पर मजबूत कर आगामी चुनावों में बढ़त लेने की कोशिश में है। वहीं, शिवसेना (यूबीटी) के लिए यह एक चेतावनी है कि उसे अपने संगठन और कार्यकर्ताओं को साथ रखने के लिए नई रणनीति अपनानी होगी।












Click it and Unblock the Notifications