महाराष्ट्र निकाय चुनाव: कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड़ ने क्यों कहा- "प्रधानमंत्री मोदी भी बदले जाएंगे"
Maharashtra local body elections: महाराष्ट्र में लंबे समय अंतराल के बाद जल्द निकाय चुनाव होने वाला है, हालांकि अभी चुनाव की तारीख का ऐलान नहीं हुआ है लेकिन राजनीतिक दलों ने तैयारियां तेज कर दी है। इस बार के निकाय चुनाव में विपक्षी इंडिया गठबंधन में शामिल पार्टियों वाला महाराष्ट्र का महाअघाड़ी गठबंधन ये चुनाव साथ लड़ेगा या नहीं इसको लेकर अस्मंजस बना हुआ है।
निकाय चुनाव की गहमागहमी के बीच मुंबई कांग्रेस पार्टी की अध्यक्ष और सांसद वर्षा गायकवाड़ ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जल्द बदले जाने का बयान देकर सुर्खियां में आ चुकी हैं।

दरअसल, कांग्रेस पार्टी मुंबई अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ से जब पूछा गया कि सियासी गिलियारों के अंदर खाने में चर्चा है कि इंडिया गठबंधन के कई नेता ये कह रहे हैं कि राहुल गांधी और अखिलेष यादव के बीच में बेहतर नेता विपक्ष होने की होड़ चल रही है। ये सवाल सुनते ही वर्षा गायकवाड़ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जल्द बदले जाने का दावा कर दिया।
कांग्रेस सांसद वर्षा ने मीडिया के सवाल पर उल्टा सवाल किया, " जरा हमें बताएं कि दिल्ली के कौन से गलियारे में ये चर्चा चल रही है? मुझे तो महाराष्ट्र के गलियारे में होने वाली चर्चाओं के बारे में पता है। मुझे तो दिल्ली के गलियारे से ये चर्चा की खबर आ रही है कि प्राइम मिनिस्टर भी बदलें जाएंगे।
वर्षा गायकवाड़ से नाराज हैं मुंबई कांग्रेस के नेता
बता दें वर्षा गायकवाड़ का बयान ऐसे समय में आया जब मल्लिकार्जुन खड़गे से मिलकर मुंबई के वरिष्ठ नाराज नेताओं ने वर्षा पर मनमानी करने का आरोप लगाकर उनकी शिकायत की है। उन्हें मुंबई कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने बीएमची चुनाव के लिए बनाई गई कमेटी में वर्षा गायकवाड़ पर अपने लोगों को रखने का आरोप लगाया है। जिनमें से अधिकांश नेताओं को अनुभव भी नहीं है। नेताओं ने आरोप लगाया कि मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने के बाद से मुंबई में निष्क्रिय हो गई है। और धारावी तक ही कांग्रेस सीमित रह गई है।
बीएमसी चुनाव और गठबंधन की स्थिति पर बयान
वर्षा गायकवाड़ ने गठबंधन की प्रक्रिया पर बात करते हुए कहा कि इसमें समय लगता है और यह पार्टी के शीर्ष स्तर के नेतृत्व द्वारा तय किया जाता है। उन्होंने आगे कहा, "जब लोकसभा और विधानसभा में गठबंधन हुआ था, तब हमारी इच्छा थी कि हमें ज्यादा सीटें मिलनी चाहिए थीं, और हमने यह बात नेतृत्व के सामने रखी थी।" उन्होंने आगामी बीएमसी (बृहन्मुंबई नगर निगम) चुनावों के बारे में कहा कि इस पर अभी चर्चा चल रही है और जल्द ही कोई निर्णय लिया जाएगा।
कांग्रेस की अकेले चुनाव लड़ने की क्षमता पर वर्षा गायकवाड़ का मत
कांग्रेस की ताकत पर भरोसा जताते हुए वर्षा गायकवाड़ ने कहा, "कांग्रेस 130 साल पुरानी पार्टी है और मुंबई में हमारा एक मजबूत आधार रहा है।" उन्होंने याद दिलाया कि एक समय था जब मुंबई में कांग्रेस के 20-22 विधायक थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा मुंबई के लोगों की आवाज बनकर लड़ी है और भविष्य में भी ऐसा करने में सक्षम है।
बीएमसी में भ्रष्टाचार और मुंबईकरों के पैसे का मुद्दा
वर्षा गायकवाड़ ने ठेकेदारी व्यवस्था पर हमला करते हुए कहा कि "मुंबईकरों के करों से जमा पैसे ठेकेदारों को दिए जा रहे हैं। यह जमीन सफाई कर्मचारियों की है और उन्हें मिलनी चाहिए।" उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि मुंबई के नागरिकों के पैसे का सही इस्तेमाल होना चाहिए और यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि इसका लाभ सही लोगों तक पहुंचे।
कौन हैं वर्षा गायकवाड़?
वर्षा गायकवाड़ एक अनुभवी राजनीतिज्ञ हैं और वर्तमान में मुंबई कांग्रेस की अध्यक्ष और लोकसभा सांसद हैं। वे महाराष्ट्र के पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष और सांसद एकनाथ गायकवाड़ की बेटी हैं। वर्षा गायकवाड़ ने अपनी राजनीतिक यात्रा में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है, जिनमें महाराष्ट्र सरकार में स्कूली शिक्षा मंत्री का पद भी शामिल है। वे धारावी विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक भी रह चुकी हैं। उन्होंने विज्ञान में स्नातकोत्तर और शिक्षा में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है।












Click it and Unblock the Notifications