महाराष्ट्र चुनाव से पहले शिंदे सरकार ने केंद्र से गैर-क्रीमी लेयर की सीमा बढ़ाकर 15 लाख रु करने की मांग
Maharashtra elections 2024: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली महायुति सरकार के मंत्रिमंडल ने गुरुवार को केंद्र सरकार से गैर-क्रीमी लेयर आय सीमा को 8 लाख रुपये से बढ़ाकर 15 लाख रुपये करने की सिफारिश की है। ।जिसका उद्देश्य व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं के लिए पात्र बनाना है। महाराष्ट्र सरकार की अब इस सिफारिश को केंद्र सरकार की मंजूरी का इंतजार है।
आगामी महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में पहले शिंदे सरकार की ओर से गैर-क्रीमी लेयर श्रेणी के लिए आर्थिक सीमा बढ़ाने की दिशा में ये अहम कदम है।

2024 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भाजपा नेता अतुल सावे के नेतृत्व में राज्य के ओबीसी बहुजन कल्याण विभाग ने राज्य विधानमंडल के बजट सत्र के दौरान इस प्रस्ताव को आगे बढ़ाया। हालांकि राज्य के पास इस बदलाव को सीधे लागू करने का अधिकार नहीं है, लेकिन इसने केंद्र सरकार को औपचारिक रूप से समायोजन का सुझाव दिया है। भाजपा का ये कदम राज्य के अंदर विभिन्न सामुदायिक वर्गों तक पहुंचने की एक व्यापक रणनीति का हिस्सा है।
कई छोटी जातियों के लिए विकास निगमों का गठन
बता दें इससे पहले महाराष्ट्र सरकार की बैठक में कैबिनेट ने कई छोटी जातियों के लिए विकास निगमों के गठन को मंजूरी दी है जिनमें शिमी, गावली, लाडशाखिया वाणी-वाणी, लोहार और नाथपंथी समुदाय शामिल हैं, जिनमें से प्रत्येक की शेयर पूंजी 50 करोड़ रुपये है। इसके अलावा, पत्रकारों और समाचार पत्र विक्रेताओं को समर्थन देने के लिए दो विशेष निगम स्थापित किए गए हैं।
अल्पसंख्यकों के लिए उठाया ये कदम
वहीं मुस्लिमों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के उद्देश्य से, कैबिनेट ने मौलाना आज़ाद अल्पसंख्यक विकास निगम की शेयर पूंजी को 700 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 1,000 करोड़ रुपये कर दिया है। इसके अलावा, मदरसों में डी.एड और बी.एड शिक्षकों के वेतन में भी खासी वृद्धि हुई है, जो क्रमशः 6,000 रुपये और 8,000 रुपये से बढ़कर 16,000 रुपये और 18,000 रुपये हो गए हैं।
किफायती आवास योजना
मुंबई की आवासीय चुनौतियों से निपटने के लिए कैबिनेट ने किफायती आवास योजना के लिए केंद्र सरकार के स्वामित्व वाली 255.9 एकड़ साल्ट पैन भूमि का उपयोग करने का निर्णय लिया है। यह धारावी पुनर्विकास परियोजना के लिए बोरीवली में भूमि आवंटित करने के अतिरिक्त है। इन पहलों का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों का समर्थन करना और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में रहने की स्थिति में सुधार करना है।












Click it and Unblock the Notifications