महाराष्ट्र में चुनाव हारते ही MVA में पड़ी दरार, सपा ने छोड़ा गठबंधन, उद्धव शिवसेना के फैसले से नाराज
Maharashtra News: विधानसभा चुनाव में हारते ही विपक्षी गठबंधन महा विकास अघाड़ी (MVA) में अब दरार पड़नी शुरू हो गई है। समाजवादी पार्टी ने अब महा विकास आघाड़ी से अलग होने का फैसला किया है। इस बात की घोषणा शनिवार 7 दिसंबर को महाराष्ट्र सपा प्रमुख अबु आजमी ने की।
महाराष्ट्र सपा प्रमुख और विधायक अबु आजमी ने महा विकास अघाड़ी के साथ गठबंधन छोड़ने के पीछे का कारण भी बताया। उन्होंने कहा कि शिवसेना-यूबीटी के बाबरी मस्जिद विध्वंस को लेकर रुख के चलते उनकी पार्टी ने एमवीए का साथ छोड़ने का फैसला किया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, अबु आजमी ने कहा कि शिवसेना-यूबीटी की तरफ से अखबार में एक विज्ञापन दिया गया था जिसमें बाबरी मस्जिद के विध्वंस में शामिल लोगों को बधाई दी गई थी। उनके (उद्धव ठाकरे के) करीबियों ने इसे एक्स पर भी पोस्ट किया और मस्जिद के गिराए जाने का स्वागत किया।"
उन्होंने कहा कि इसलिए हम महा विकास अघाड़ी छोड़ रहे हैं। मैं सपा प्रमुख अखिलेश यादव से बात कर रहा हूं। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी कहा कि सीट बंटवारे और चुनाव प्रचार के वक्त भी कोई तालमेल नहीं था। खबर के मुताबिक, एमवीए गठबंधन में दरार विधानसभा चुनाव से पहले ही पड़ गई थी।
दरअसल, तब एमवीए की तरफ से उम्मीदवारों के चयन से समाजवादी पार्टी के नेता अबु आजमी ने नाराजगी जाहिर की थी और अकेले चुनाव लड़ने की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि ऐसा लगता है कि वे सपा को सीटें नहीं देना चाहते हैं। मैं नहीं चाहता कि एमवीए टूटे और वोट बंटें।
लेकिन, अगर वे हमारी बात नहीं सुनते हैं तो हमारे पास अकेले चुनाव लड़ने के अलावा कोई विकल्प नहीं होगा। बता दें कि सपा ने महाराष्ट्र में दो सीटों पर जीत हासिल की है। वहीं, अब हाल ही में शिवसेना-यूबीटी के नेता मिलिंद नार्वेकर ने अपने एक्स अकाउंट पर बाबरी मस्जिद विध्वंस से जुड़ी एक तस्वीर पोस्ट की थी। इसमें बाल ठाकरे का वक्तव्य- 'जिन्होंने ये किया मुझे उन पर गर्व है' भी शामिल था।












Click it and Unblock the Notifications