महाराष्ट्र चुनाव 2024: महाविकास अघाड़ी-महायुति को टेंशन दे रहे ये 56 नेता, देखें पूरी सूची
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 में नामांकन प्रक्रिया खत्म होने के बाद ऐसे 56 नेता सामने आए हैं, जो महाविकास अघाड़ी (MVA) और महायुति में बगावत कर दी और चुनाव मैदान में कूद पड़े। बगावत करने वालों में 40 महायुति से और 16 एमवीए से हैं। इन दलबदलुओं ने अपने पूर्व गठबंधन के आधिकारिक उम्मीदवारों के खिलाफ चुनाव लड़ने का फैसला किया है।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 में 29 अक्टूबर को नामांकन दाखिल करने का आखिरी दिन था। अब चार नवंबर तक नाम वापसी है। जैसे-जैसे नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 4 नवंबर के करीब आ रही है। विद्रोहियों के साथ सुलह करने के प्रयास तेज हो रहे हैं। बागियों को मनाया जा रहा है। उन्हें नाम वापस लेने के लिए तैयार किया जा रहा है। चुनाव मैदान में कुल कितने बागी डटे हैं? यह धुंधली तस्वीर नाम वापसी के बाद साफ हो सकती है।
यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र चुनाव 2024: वो 4 सीटें, जहां MVA के घटक दलों में सियासी टकराव, एक-दूसरे के खिलाफ उतारे प्रत्याशी

महाराष्ट्र चुनाव में ऐरोली में शिंदे शिवसेना ने विजय चौगुले को भाजपा के उम्मीदवार गणेश नाइक के खिलाफ़ उतारा तो गणेश नाइक के बेटे, संदीप नाइक ने भाजपा छोड़कर शरद पवार वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) ज्वाइन कर ली। बेलापुर में, भाजपा की उम्मीदवार मंदा म्हात्रे का शिंदे गुट के विजय नाहटा से विरोध है। कल्याण पूर्व में भी स्थिति ऐसी ही है, जहां भाजपा की सुलभा गायकवाड़ को शिंदे गुट के महेश गायकवाड़ के विरोध का सामना करना पड़ रहा है। विक्रमगढ़ में शिंदे गुट के प्रकाश निकम भाजपा के हरिश्चंद्र भोये के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं।

शिंदे शिवसेना व भाजपा के बागी
फुलम्बरी सीट पर रमेश पवार (शिंदे गुट) ने बीजेपी की अनुराधा गायकवाड़ के खिलाफ, सोलापुर सिटी में मनीष कालजे ने बीजेपी के देवेंद्र कोठे के खिलाफ, पचोरा में शिंदे गुट के किशोर पाटिल के खिलाफ बीजेपी के अमोल शिंदे, भुलदाना में शिंदे शिवसेना के संजय गायकवाड़ के खिलाफ बीजेपी के विजयराज शिंदे, ओवला-माजीवाड़ा में बीजेपी के डिप्टी मेयर रहे हसमुख गहलोत ने शिंदे के प्रताप सरनाईक के खिलाफ, पैठण में शिंदे के विलास भुमरे के सामने बीजेपी के सुनील शिंदे, जालना में शिंदे के अर्जुन खोतकर के सामने बीजेपी के भास्कर दानवे, सिल्लोड में शिंदे के अब्दुल सत्तार के सामने बीजेपी के सुनील मिरकर, सावंतवाड़ी में शिंदे के दीपक केसरकर के खिलाफ बीजेपी के विशाल परब, घनसावंगी में हिकमत उधान के खिलाफ बीजेपी के सतीश घाटगे और कर्जत में शिंदे के महेंद्र थोरवे के सामने बीजेपी की किरण ठाकरे हैं।

अजित पवार NCP के खिलाफ
अहेर में बीजेपी के अंबरीश अत्राम का मुकाबला एनसीपी के धर्मराव अत्राम से है। अमलनेर में एनसीपी के अनिल पाटिल के खिलाफ बीजेपी के शिरीष चौधरी ने बगावत की है। अमरावती में बीजेपी के जगदीश गुप्ता का मुकाबला एनसीपी की सुलभा खोडके से है। बासमथ में राजू नवघरे के सामने बीजेपी के मिलिंद अंबाल हैं। पठारी में राजेश विटेकर के खिलाफ बीजेपी के रंगनाथ सोलंके ने बगावत की है। शाहपुर में दौलत दरोदा के सामने बीजेपी की रंजना उगड़ा हैं। जुन्नर में अतुल बुचाके के सामने बीजेपी की आशा बुचके हैं। उदगीर में संजय बोन्सोडे के खिलाफ बीजेपी के दिलीप गायकवाड़ ने बगावत की है। कलवान में नितिन पवार के खिलाफ बीजेपी के रमेश थोराट हैं।

अजित पवार की NCP के खिलाफ शिवसेना (शिंदे) की बगावत
पठारी में शिंदे गुट के सईद खान की एनसीपी के राजेश विटेकर के खिलाफ, खेड़ आलंदी में शिंदे के अक्षय जाधव की एनसीपी के दिलीप मोहिते के खिलाफ, जुन्नर में शिंदे गुट के पूर्व विधायक शरद सोनावने ने अतुल बेनके के खिलाफ, देवलाली में शिंदे की राजश्री अहिरराव ने एनसीपी की सरोज अहीर के खिलाफ बगावत कर दी।

अजित पवार गुट में बगावत
आष्टी में अजित पवार गुट के बालासाहेब अजबेन ने बीजेपी उम्मीदवार सुरेश दास के खिलाफ, मावल में अजित पवार के बापू भेगड़े ने अपनी पार्टी के उम्मीदवार सुनील शेलके के खिलाफ बगावत की है। भेगड़े देवेंद्र फडणवीस सरकार में मंत्री रह चुके हैं और उन्हें स्थानीय बीजेपी इकाई का समर्थन प्राप्त है। बीजेपी में बगावत आर्वी में बीजेपी के मौजूदा विधायक दादा केचे ने देवेंद्र फडणवीस के पीए सुमित वानखेड़े को टिकट दिए जाने के बाद बगावत कर दी।
एमवीए का दलबदल
कसबा में कांग्रेस के कमल व्यवहारे ने कांग्रेस उम्मीदवार रवींद्र धांगेकर के खिलाफ, परोला-एरंडोले में यूबीटी के हर्षल माने और नानाभाऊ महाजन ने एनसीपी शरद पवार के सतीश पाटिल के खिलाफ, परली में शरद पवार गुट के राजाभाऊ फैड ने राजासाहेब देशमुख के खिलाफ, बीड में शरद पवार गुट के ज्योति मेटे ने संदीप क्षीरसागर के खिलाफ, भायखला में कांग्रेस के मधु चव्हाण ने यूबीटी उम्मीदवार मनोज जामसुतकर के खिलाफ, राजापुर में यूबीटी गुट के उदय बेने ने राजन साल्वी के खिलाफ, श्रीगोंडा में शरद पवार गुट के राहुल जगताप ने यूबीटी की अनुराधा नागवाडे के खिलाफ बगावत कर दी है।
इसी तरह से सांगोला में पीजेंट पार्टी के बाबासाहेब देशमुख ने दीपक सालुंके के खिलाफ, दक्षिण सोलापुर में कांग्रेस के दिलीप माने ने शिवसेना के खिलाफ, वर्सोवा में यूबीटी गुट के राजू पेडनेकर ने आधिकारिक उम्मीदवार हारून खान के खिलाफ, रामटेक में राजेंद्र मुलक ने शिवसेना (UBT) के उम्मीदवार विशाल बारबटे के खिलाफ, पिंपरी में पूर्व विधायक गौतम चाबुकस्वार ने शरद गुट की सुलक्षणा शीलवंत के खिलाफ बगावत की है।












Click it and Unblock the Notifications