शरद गुट ने जारी की पहली लिस्ट, 45 उम्मीदवारों को दिया टिकट, भतीजे अजित के सामने पोते युगेंद्र को उतारा
Maharashtra Election: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 के लिए शरद पवार गुट ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है, जिसमें 45 लोगों के नाम शामिल हैं। एनसीपी (एसपी) के प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल ने इस सूची की घोषणा की। शरद पवार ने भतीजे अजित पवार के सामने अपने पोते युगेंद्र पवार को बारामती से उम्मीदवार बनाया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस्लामपुर विधानसभा सीट से जयंत पाटिल, कटोल सीट से अनिल देशमुख, घनसावंगी से राजेश टोपे और कराड नॉर्थ सीट से बालासाहेब पाटिल को टिकट दिया है। वहीं, मुंब्रा सीट से जितेंद्र अवहाद, कोरेगांव से शशिकांत शिंदे और वास्मत से जयप्रकाश दांडेगांवकर को भी चुनावी मैदान में उतारा है।

शरद गुट ने जलगांव ग्रामीण से गुलाबराव देवकर, इंदापुर-हर्षवर्धन पाटिल, राहुरी सीट से प्राजक्ता तनपुरे, शिरूर से अशोक पवार, शिराला सीट से मानसिंह नाइक को टिकट दिया है। इन नामों के अलावा मानसिंह नाइक शिराला से, सुनील भुसारा विक्रमगढ़ से और रोहित पवार करजग जामखेड को चुनावी मैदान में उतारा है।
भाग्यश्री आत्राम को अहेरी से टिकट दिया गया है, जबकि रुकुकुमार उर्फ बबलू चौधरी बानापुर से, सुभाष पवार मुरबाड से चुनाव लड़ेंगे। राखी जाधव घाटकोपर ईस्ट से, देवदत्त निकम अम्बेगांव से और युगेंद्र पवार बारामती से चुनाव लड़ेंगे। खास बात यह है कि युगेंद्र अजित पवार के भतीजे और शरद पवार के पोते हैं।
शरद पवार ने रणनीति के तहत बारामती सीट पर अजित पवार के खिलाफ युगेंद्र को उतारा है। जयंत पाटिल ने बताया कि अतिरिक्त उम्मीदवारों के बारे में चर्चा चल रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि दो दिनों के भीतर और नामों का खुलासा किया जाएगा। गठबंधन की सीटों के बंटवारे के बारे में उन्होंने कहा कि इसमें शामिल कई दलों के साथ बातचीत जारी है।
पाटिल ने आगे बताया कि अणुशक्तिनगर सीट के बारे में जल्द ही घोषणा की जाएगी। यह सीट फिलहाल नवाब मलिक के पास है। कल या परसों तक इस पर फैसला होने की उम्मीद है। इससे पहले अजित पवार गुट ने 38 उम्मीदवारों की सूची जारी की थी, जिसमें ज़्यादातर मौजूदा विधायकों ने अपने टिकट बरकरार रखे हैं।












Click it and Unblock the Notifications