Lok Sabha Election: महाराष्ट्र के महायुति गठबंधन में सीटें लगभग तय, जानिए क्या निकला फॉर्मूला?
Maharashtra Lok Sabha Election News: महाराष्ट्र में सत्ताधारी महायुति गठबंधन के बीच सीटों का फॉर्मूला लगभग तय हो चुका है। राज्य में लोकसभा की कुल 48 सीटें हैं, इनमें से 43 सीटों पर बातचीत लगभग तय हो चुकी है, सिर्फ 5 ही सीटों को लेकर अभी भी चर्चा चल रही है।
महाराष्ट्र की महायुति गठबंधन में बीजेपी, सीएम एकनाथ शिंदे की शिवसेना और डिप्टी सीएम अजित पवार की नेतृत्व वाली एनसीपी शामिल है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इनमें से 43 सीटों का बंटवारा लगभग तय हो चुका है। जबकि, पांच सीटों पर अभी अंतिम फैसला लेना बाकी है।

महायुति गठबंधन में सीटों का फॉर्मूला?
तीनों दलों के बीच जो बातचीत हुई है उसके मुताबिक भाजपा 2019 से अधिक यानी 26-28 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है। वहीं सीएम शिंदे की शिवसेना को 12 से 14 सीटें तक मिल सकती हैं। वहीं अजित पवार की एनसीपी को 5 सीटें मिल सकती हैं।
शिवसेना के खाते में कौन सी सीटें जा सकती हैं?
शिवसेना के खाते में जो सीटें जा सकती हैं उनमें रामटेक, मावल, हिंगोली, कल्याण, यवतमाल-वाशिम,मुंबई साउथ सेंट्रल, मुंबई नॉर्थ वेस्ट, पालघर, शिरडी, कोल्हापुर और रामटेक, यवतमाल-वाशिम, मावल, हिंगोली, कल्याण, मुंबई दक्षिण मध्य, मुंबई उत्तर पश्चिम, पालघर, शिरडी, कोल्हापुर, और हातकणंगले सीट शामिल है। शिवसेना को अधिकतर वही सीटें मिलने की संभावना है, जहां पिछली बार वह जीती थी।
लेकिन, नाशिक और बुल्ढाणा में पिछली बार शिवसेना जीती थी, लेकिन इनपर इस बार एनसीपी दावा कर रही है। इनमें से एक सीट हालांकि, एनसीपी को मिल सकती है। इसलिए, अंतिम फैसला बाकी है।
बीजेपी किन सीटों पर लड़ सकती है चुनाव?
वहीं भाजपा इस बार शिंदे की ठाणे और रत्नागिरि-सिंधुदुर्ग सीटों पर भी दावा कर रही है। इनके अलावा जो सीटें बीजेपी के खाते में जा सकती हैं, उनमें गढ़चिरौली, नागपुर, अकोला, अमरावती, भंडारा-गोंदिया, चंद्रपुर, अमरावती, जलगांव, रावेर, नंदुरबार, धुले, भिवंडी, मुंबई नॉर्थ, मुंबई नॉर्थ सेंट्रल, मुंबई साउथ, मुंबई नॉर्थ ईस्ट, सांगली, अहमदनगर, पुणे, औरंगाबाद, बीड, सोलापुर, माढा, जालना और नांदेड़ की सीटें शामिल हैं।
इन सीटों पर लड़ सकती है एनसीपी
बीजेपी चाहती है कि शिवसेना उसके लिए रत्नागिरी या ठाणे में से एक सीट छोड़ दे, वहीं एनसीपी से वह सतारा सीट चाहती है। इन्हीं सीटों को लेकर बातचीत चल रही है। एनसीपी को जो सीटें मिलने वाली हैं, उनमें बारामती, उस्मानाबाद और परभणी शामिल हैं। इसके अलावा उन्हें नाशिक या बुल्ढाणा भी दिया जा सकता है। अजित पवार की पार्टी सतारा भी चाहती है, लेकिन भाजपा के दावे से बात उलझी हुई है।
इन पांच सीटों पर फंसा हुआ है पेच
इस तरह से ठाणे, रत्नागिरि-सिंधुदुर्ग, सतारा, बुल्ढाणा और नाशिक सीटें अभी तक फाइनल नहीं हुई हैं। वहीं विपक्षी महा विकास अघाड़ी (एमवीए) में भी 44 सीटों पर डील पक्की हो जाने की चर्चा है। इसके मुताबिक उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) 19, कांग्रेस 16 और शरद पवार की एनसपी शरदचंद्र पवार 9 सीटों पर किस्मत आजमा सकती है।












Click it and Unblock the Notifications