Lok Sabha Election 2024: मुंबई में उज्ज्वल निकम की उम्मीदवारी में बीजेपी को क्यों दिख रही बड़ी उम्मीद?
Maharashtra Lok Sabha Chunav 2024: बीजेपी ने मुंबई नॉर्थ-सेंट्रल सीट से जाने-माने वकील उज्ज्वल निकम को उतारकर कई तरह के समीकरणों को साधने की कोशिश की है। साथ ही बीजेपी को मुंबई में कांग्रेस के अंदर मचे कोहराम से भी फायदा मिलने का यकीन है।
मुंबई नॉर्थ-सेंट्रल सीट पर मुख्य मुकाबला उज्ज्वल निकम और और मुंबई कांग्रेस की अध्यक्ष वर्षा एकनाथ गायकवाड़ के बीच होने की संभावना है। निकम आतंकवादियों के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ने वाले सरकारी वकील के तौर पर मशहूर हैं।

बीजेपी को क्यों है फायदे की उम्मीद?
एक बीजेपी नेता के मुताबिक, 'हमारे चार एमएलए- (चांदीवली) दिलीप लांडे, (कुर्ला) मंगेश कुडलकर शिवसेना से और (विले पार्ले) पराग अलावन और (बांद्रा वेस्ट) आशीष शेलार बीजेपी से हैं। इसके अलावा कृपा शंकर सिंह यूपी में जौनपुर से हमारे उम्मीदवार हैं, जिन्हें कलीना में अच्छा समर्थन है। बाबा सिद्दीकी के एनसीपी ज्वाइन करने से भी महायुति के उम्मीदवार को फायदा मिलेगा।'
मुसलमानों के मुद्दे पर घिरी हुई है कांग्रेस और एमवीए
सिद्दीकी मुंबई में कांग्रेस के दमदार चेहरा थे, जो हाल ही में अजित पवार की अगुवाई वाली एनसीपी ज्वाइन कर चुके हैं; और बांद्रा (ईस्ट) से उनके विधायक बेटे जीशान सिद्दीकी को कांग्रेस युवा कांग्रेस के अध्यक्ष पद से हटा चुकी है।
महा विकास अघाड़ी खासकर कांग्रेस को लेकर महाराष्ट्र में मुस्लिम समुदाय में इस बात को लेकर मायूसी है कि 48 सीटों में एक से भी इसने मुसलमान को टिकट नहीं दिया है। टिकट नहीं मिलने की वजह से नसीम खान ने प्रचार तक करने से मना कर दिया था। उधर जीशान और गायकवाड़ में अलग खींचतान रही है। बीजेपी को इन सब से भी फायदा मिलने की उम्मीद है।
टिकट कटने पर भी पूनम महाजन में नाराजगी नहीं
दूसरी तरफ निगम को दो बार की सांसद पूनम महाजन का टिकट काटकर बीजेपी ने उतारा है, लेकिन वह बगावती तेवर नहीं दिखा रही हैं। उन्होंने टिकट कटने के बाद एक्स पोस्ट पर लिखा, 'मेरे आदर्श मेरे दिवंगत पिता प्रमोद महाजन ने मुझे दिखाया है, 'पहले राष्ट्र है और फिर हम हैं' मैं भगवान से प्रार्थना करती हूं कि जीवन भर मैं इस रास्ते पर चल सकूं। मेरे जीवन का हर परल राष्ट्र की सेवा के लिए समर्पित है।'
मुंबई के सभी मौजूदा सांसद को टिकट बीजेपी ने काटा
उज्ज्वल निकम की उम्मीदवारी की घोषणा के साथ ही बीजेपी ने मुंबई में अपने तीनों मौजूदा सांसदों का टिकट काट दिया है। इससे पहले पार्टी मुंबई नॉर्थ-ईस्ट से मनोज कोटक और मुंबई नॉर्थ से गोपाल शेट्टी की सीटों को नए प्रत्याशियों से बदल चुकी है।
मराठी, गुजराती और अग्रवाल उम्मीगवारों में बैलेंस की कोशिश
मुंबई नॉर्थ-ईस्ट से मिहिर कोटेचा को मौका दिया गया है तो मुंबई नॉर्थ से खुद वरिष्ठ केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल भाग्य आजमा रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक निकम की उम्मीदवारी रो देखने से लगता ही कि पार्टी ने मराठी, गुजराती और अग्रवाल समुदाय के उम्मीदवारों में बैलेंस बिठाने की कोशिश की है।
टीओआई के मुताबिक एक राजनीतिक विश्लेषक ने कहा, 'बीजेपी ने मौजूदा तीनों सांसदों का टिकट काट दिया है, हालांकि ये करियर के अलग-अलग पड़ाव पर हैं। गोपाल शेट्टी पार्टी के दिग्गज हैं और उनकी वरिष्ठता की वजह उन्हें बिठाया गया होगा। लेकिन, कोटक तो नया चेहरा और फर्स्ट-टाइम एमपी थे...महाजन दो बार की सांसद थीं, पार्टी की एक युवा चेहरा हैं, लेकिन उन्हें भी बिठा दिया गया।'
विश्लेषकों का कहना है कि पार्टी महाजन के प्रदर्शन से खुश नहीं थी और उनके खिलाफ एंटी-इंकंबेंसी भी नजर आ रही थी। पार्टी ने अकोला, सोलापुर, जलगांव और बीड में भी अपने उम्मीदवार बदल दिए हैं। कोटक के केस में भी पार्टी के पास एंटी-इंकंबेंसी की रिपोर्ट होने की जानकारी है। लेकिन,जानकारों का कहना है कि इस टिकट बंटवारे से पार्टी ने मराठी, गुजराती और अग्रवाल वोट बैंक तक अपना संदेश पहुंचा दिया है।












Click it and Unblock the Notifications