Lok Sabha Chunav: महाराष्ट्र में कांग्रेस ने VBA को सीट शेयरिंग पर दिया आखिरी ऑफर, क्या करेंगे प्रकाश अंबेडकर?
Lok Sabha Chunav Maharashtra: महाराष्ट्र कांग्रेस की ओर से एक बार फिर से वंचित बहुजन अघाड़ी (VBA) के नेता प्रकाश अंबेडकर को सीट-शेयरिंग पर विचार करने का मौका दिया है। अंबेडकर की वीबीए विपक्षी महा विकास अघाड़ी (MVA) के साथ सीटों पर तालमेल की बात कर रही थी, लेकिन उद्धव ठाकरे की ओर से एकतरफा कई सीटों पर उम्मीदवारों के ऐलान के साथ ही यह बातचीत खटाई में पड़ गई।
इसके बाद कांग्रेस पार्टी ने अकोला सीट के लिए भी प्रत्याशी घोषित कर दिए, जहां पर खुद प्रकाश अंबेडकर वीबीए के उम्मीदवार हैं। एनडीटीवी की एक रिपोर्ट के मुताबिक अब महाराष्ट्र के पूर्व सीएम और कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा है, 'अगर वीबीए के साथ कोई गठबंधन होता है तो अकोला से कांग्रेस उम्मीदवार हटा लेंगे।'

'तो अकोला से हम अपना उम्मीदवार वापस ले लगें'
कांग्रेस के दिग्गज ने कहा है, 'वीबीए के साथ अभी कोई गठबंधन नहीं है। अगर कोई गठबंधन नहीं होगा तो हम उम्मीदवार घोषित करेंगे। लेकिन, अभी भी अगर (प्रकाश) अंबेडकर सुलह करते हैं, हम अपना उम्मीदवार वापस ले लगें, लेकिन इसके लिए गठबंधन करना होगा।' बातचीत के दौरान एमबीए की ओर से अंबेडकर के लिए अकोला, रामटेक, धुले और मुंबई की एक सीट समेत पांच सीटें छोड़ने पर चर्चा चल रही थी।
वीबीए 9 सीटों पर उतार चुकी है उम्मीदवार
प्रकाश अंबेडकर ने विपक्षी गठबंधन से बातचीत टूटने के बाद 9 लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। इस बीच चव्हाण ने खुद भी सतारा सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। उनकी हाल ही में एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष से कराड में बंद कमरे में मुलाकात हुई थी। सतारा सीट से मौजूदा एनसीपी सांसद श्रीनिवास पाटिल ने स्वास्थ्य वजहों से चुनाव लड़ने से अनिच्छा जताई है।
सतारा से खुद चुनाव लड़ना चाहते हैं पृथ्वीराज चव्हाण
चव्हाण कराड दक्षिण विधानसभा सीट से विधायक हैं और सतारा शरद पवार की पार्टी के कोटे में आता है, इसलिए इसपर फैसला उन्हीं को करना है। चव्हाण ने कहा, 'इस मुकाबले की सिर्फ संभावना है। एनसीपी को एक उम्मीदवार खोजना है और उन्हें यह सुनिश्चित करना है कि संभावित बीजेपी प्रत्याशी के खिलाफ मजबूत उम्मीदवार हो। बहुत ज्यादा संभावना है कि बीजेपी उदय भोसले को उतारेगी, जो कि पहले इसी सीट से एनसीपी में थे। बातचीत जारी है।'
इसके साथ ही उन्होंने पवार की पार्टी के चुनाव निशान पर लड़ने की अफवाहों को भी खारिज किया है। उन्होंने कहा, 'अगर मैं लड़ता हूं, तो मैं कांग्रेस के निशान पर लड़ूंगा। यह शरद पवार की एनसीपी को तय करना है। मैंने अपनी इच्छा जता दी है।'
दो-तीन दिनों में सभी सीटें होंगी तय- चव्हाण
चव्हाण 1990 के दशक में सतारा सीट का प्रतिनिधित्व कर भी चुके हैं। जब शरद पवार ने कांग्रेस से निकलकर अलग पार्टी बनाई तो वे 1999 में उनकी पार्टी के श्रीनिवास पाटिल से चुनाव हार गए थे। चव्हाण के अनुसार महाराष्ट्र की 48 सीटों में से 45-46 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणाएं हो चुकी हैं और बाकी दो-तीन सीटों पर भी एक-दो दिन में फैसला हो जाएगा।
2019 के लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र की 48 सीटों में से बीजेपी को 23 और संयुक्त शिवसेना को 18 सीटें मिली थीं। जबकि, कांग्रेस को सिर्फ 1 और संयुक्त एनसीपी को 4 सीटों पर जीत मिली थी।












Click it and Unblock the Notifications