Ladki Bahin Yojana: e-KYC अपडेट को लेकर सरकार ने दिया आखिरी मौका, नहीं किया ये सुधार तो अटक जाएंगे 1500 रुपये
Ladki Bahin Yojana: मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहीण योजना के तहत लाभ पाने वाली महिलाओं के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। महिला एवं बाल विकास मंत्री आदिती तटकरे ने ई-केवाईसी प्रक्रिया में हुई त्रुटियों को सुधारने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया है। पात्र लाभार्थी 31 मार्च 2026 तक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी जानकारी में आवश्यक बदलाव कर सकते हैं, ताकि वे योजना के लाभ से वंचित न रहें।
दरअसल, लाभार्थियों को पहले 31 दिसंबर 2025 तक ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी करनी थी। इस दौरान कई महिलाओं ने फॉर्म भरते समय कुछ गलत विकल्प चुन लिए थे, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें योजना का लाभ मिलना बंद हो गया था। अब राज्य सरकार ने विशेष रूप से ऐसे मामलों के लिए ई-केवाईसी में सुधार का एक और मौका उपलब्ध कराया है। यह उन महिलाओं के लिए है जिनकी जानकारी गलत दर्ज हो गई थी।

मंत्री आदिती तटकरे ने इस पहल की घोषणा करते हुए सभी "लाडक्या बहिणीं" (प्रिय बहनों) से आग्रह किया। उन्होंने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहीण योजना: 31 मार्च तक e-KYC सुधारने का अवसर! e-KYC प्रक्रिया करते समय कुछ लाभार्थियों द्वारा गलत विकल्प चुने जाने के कारण योजना का लाभ प्राप्त करने में कठिनाइयों की शिकायतें प्राप्त हुई हैं।
विशेष रूप से वे सभी योग्य बहनें जिन्होंने e-KYC करवा लिया है, फिर भी उन्हें उन्हें अभी तक योजना का लाभ नहीं मिला है, उन्हें अपनी e-KYC जानकारी सुधारने का एक और अवसर दिया जा रहा है।"

मुख्यमंत्री-माझी लाडकी बहीण योजना के तहत महिलाओं ने 31 दिसंबर 2025 तक ई-केवाईसी के माध्यम से आधार प्रमाणीकरण पूरा किया था। हालांकि, कुछ लाभार्थियों ने 'परिवार का सदस्य सरकारी विभाग/उपक्रम/बोर्ड/भारत सरकार या राज्य सरकार की किसी स्थानीय संस्था में कार्यरत न हो, या सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन प्राप्त न कर रहा हो' जैसे महत्वपूर्ण विकल्प का चयन गलत कर दिया था। इसी त्रुटि के कारण उनके लाभ रुक गए थे।
ऑनलाइन पोर्टल पर 31 मार्च हैं ई-केवाईसी अपडेट की आखिरी तारीख
महिला एवं बाल विकास विभाग का लक्ष्य है कि सभी पात्र लाभार्थियों को इस योजना का लाभ अवश्य मिले। इसी ईमानदारीपूर्ण उद्देश्य के साथ, ऑनलाइन पोर्टल पर 31 मार्च 2026 तक ई-केवाईसी में सुधार की अंतिम सुविधा उपलब्ध कराई गई है। विभाग ने अनुरोध किया है कि जिनकी भी ई-केवाईसी प्रक्रिया में गलती हुई है, वे अंतिम तिथि से पहले सुधार कर लें।
इस बीच, मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहीण योजना की लाभार्थी महिलाएं उत्सुकता से इंतजार कर रही हैं कि जनवरी महीने के किस्त की राशि उन्हें कब प्राप्त होगी। इस भुगतान को लेकर सभी की निगाहें सरकार पर टिकी हुई हैं।












Click it and Unblock the Notifications