Karmabhoomi Express Accident: नासिक में हुआ बड़ा हादसा, दिवाली-छठ पर घर जा रहे 3 युवक ट्रेन से गिरे, 2 की मौत
karmabhoomi Express Accident: दिवाली और छठ के दौरान, मुंबई और महाराष्ट्र के अन्य शहरों से बड़ी संख्या में लोग ट्रेन से घर लौट रहे हैं। जिसके चलते ट्रेनें यात्रियों से खचाखच भरी हुई हैं। इसी दौरान नासिक रेलवे स्टेशन पर एक दुखद रेल दुर्घटना हुई, जिसमें ट्रेन पर चढ़ते समय तीन यात्री ट्रेन से गिर गए। जिसमें दो यात्रियों की ट्रेन से कट कर मौत हो गई और एक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती किया गया है।
रेलवे द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार ये हादसा कर्मभूमि एक्सप्रेस में हुआ। ये ट्रेन सामान्य तौर पर नासिक स्टेशन पर नहीं रुकती है। हालांकि, घटना वाले दिन ट्रेन की गति धीमी थी इसी का लाभ उठाते हुए तीन यात्री जल्दबाजी में चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया। चलती ट्रेन पर चढ़ते समय तीनों यात्रियों का बैलेंस बिगड़ा और ट्रेन से गिर गए और ट्रेन की चपेट में आ गए।

घटना के तुरंत बाद, मौके पर मौजूद लोगों ने रेलवे अधिकारियों और पुलिस को सूचित किया। स्थानीय प्रशासन और रेलवे की टीम ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। ओढ़ा स्टेशन के प्रबंधक आकाश ने रेलवे विभाग को इसकी सूचना दी। उन्होंने बताया कि ट्रेन छूटने के कुछ देर बाद जेल रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास ढिकलेनगर इलाके में तीन युवक ट्रेन से गिर गए। इस घटना में दो की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही नासिक पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक जितेंद्र सपकाले के मार्गदर्शन में उपनिरीक्षक माली और उनकी टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान, भुसावल की ओर जाने वाली पटरी पर 190/1 से 190/3 के बीच 30 से 35 वर्ष की आयु के दो युवक मृत पाए गए।
एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल मिला, जिसे तुरंत एम्बुलेंस से जिला सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उसका इलाज चल रहा है। मृतकों और घायल युवक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
ऐसा माना जा रहा है कि यह दुर्घटना दिवाली के अवसर पर बिहार में छठ पूजा के लिए जाने वाली ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ के कारण हुई। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications