I.N.D.I.A.की बैठक में पहुंचे कपिल सिब्बल तो कैसी रही राहुल गांधी की प्रतिक्रिया? जानिए
मुंबई में इंडिया गठबंधन की बैठक में राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल की मौजूदगी कांग्रेस नेताओं को पसंद नई आई। वे पिछले साल ही कांग्रेस छोड़ गए थे और समाजवादी पार्टी की मदद से राज्यसभा पहुंचे हैं। कांग्रेस से उनकी विदाई काफी अप्रिय परिस्थितियों में हुई थी।
जानकारी के मुताबिक सिब्बल को विपक्षी दलों की बैठक में आधिकारिक तौर पर नहीं बुलाया गया था। इसलिए खबरें हैं कि उनके इंडिया गठबंधन की बैठक में अचानक पहुंचने की शिकायत कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने महाराष्ट्र के पूर्व सीएम और शिवसेना (यूबीटी) के नेता उद्धव ठाकरे से भी की। ठाकरे ने ही गुरुवार को गठबंधन के नेताओं के लिए डिनर आयोजित किया था।

कपिल सिब्बल को इंडिया की बैठक में देखकर असहज हो गए थे कांग्रेसी
खबरें हैं कि विपक्षी नेताओं के ग्रुप फोटो के दौरान भी कपिल सिब्बल उपस्थिति कई नेताओं को असहज कर रही थी। शायद इसकी वजह ये रही कि उन्होंने बहुत ही परेशान होकर कांग्रेस से किनारा करने का फैसला लिया था। उससे पहले वो कांग्रेस के उन कथित बागी नेताओं में भी शामिल हो चुके थे, जिन्होंने कांग्रेस संगठन की खामियों को लेकर सोनिया गांधी को चिट्ठी लिखी थी। खबरों के मुताबिक उनको लेकर कांग्रेस नेताओं की असहजता को लेकर नेशनल कांफ्रेंस के फारूक अब्दुल्ला और सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने वेणुगोपाल से बात भी की।
राहुल ने कहा कि उन्हें किसी के आने से कोई आपत्ति नहीं है
जानकारी के मुताबिक राहुल गांधी ने सिब्बल के बैठक में पहुंचने को लेकर कथित तौर पर कहा कि किसी के बैठक में आने को लेकर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। माना जा रहा है कि राहुल के इस रुख के बाद वेणुगोपाल कुछ नरम पड़ते दिखाई पड़े।
बहरहाल दो दिनों तक मुंबई में हुई बैठक में विपक्षी दलों ने समान एजेंडे के साथ 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी से लड़ने का फैसला किया है। उन्होंने भविष्य में सीटों के बंटवारे के फॉर्मूले की भी योजना तैयार की है, जिसपर आगे बातचीत होती रहेगी। आपसी तालमेल का भी एक खाका बनाया है।
जानकारी मिल रही है कि विपक्षी दलों में इस बात पर भी चर्चा हुई है कि इंडिया की तरफ से बोलने के लिए प्रवक्ताओं की एक टीम भी होने चाहिए, ताकि बयानों में एकरूपता रहे। हालांकि, इस बैठक में लोगो जारी करने का मुद्दा अटक गया और संयोजक के नाम पर भी कोई फैसला नहीं हो पाया।
संभवत: इंडिया गठबंधन की अगली बैठक दिल्ली में होगी, लेकिन अभी तारीखों का ऐलान नहीं किया गया है। यह भी पता चला है कि विपक्षी दल देश में अपने शक्ति प्रदर्शन के लिए कुछ बड़े शहरों में बड़ी रैलियां करके भी एकजुटता दिखाना चाहते हैं।
मुंबई से पहले इंडिया गठबंधन की पहली बैठक पटना में और दूसरी बेंगलुरु में हो चुकी है। बेंगलुरु की बैठक इस मामले में अहम रही कि इसका नाम इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस-इंडिया रखा गया।












Click it and Unblock the Notifications