Maharashtra News: शिवसेना की लड़ाई में सीएम शिंदे गुट ने दिया उद्धव पक्ष को झटका, 'शाखा' पर कब्जा
महाराष्ट्र में शिवसेना के दोनों गुटों के बीच जारी कानूनी लड़ाई जमीनी झंझट में भी तब्दील हो रही है। दोनों गुट 'शाखाओं' (एरिया ऑफिस) पर अपना-अपना कब्जा जमाने की होड़ में लगे हैं। इसी कड़ी में एक शाखा पर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे गुट ने मकान मालिक को बकाया रकम चुका कर उसका कब्जा अपने हाथों में ले लिया है और उद्धव ठाकरे पक्ष को मुंह ताकना पड़ा है। अलबत्ता, शिंदे गुट अपने दो विधायकों के बीच की जंग से अलग परेशान हो रहा है। एक विधायक ने खुद पर लगाए गए आरोपों के बाद एक नवंबर को बड़ा फैसला लेने की बात कही है।

शिंदे गुट ने बकाया चुका कर किया शाखा पर कब्जा
मुंबई से सटे ठाणे जिले में डोम्बिवली स्थित शिवसेना की एक 'शाखा' को लेकर उद्धव ठाकरे और एकनाथ ठाकरे गुटों की पार्टी के बीच जमकर खींचतान चल रही थी। लेकिन, मुख्यमंत्री गुट की शिवसेना के पदाधिकारियों ने लैंड ओनर का सारा बकाया चुका कर उस 'शाखा' का कंट्रोल अपने हाथों में ले लिया है। इस शाखा पर दावा कायम रखने के लिए दोनों गुट नियमित तौर पर उस शाखा पर जुट रहे थे। अधिकारियों के मुताबिक इसकी वजह से कई बार मारपीट की नौबत आ गई थी और इलाके में तनाव पैदा हो जाता था।
दो विधायकों के बीच विवाद से शिंदे गुट को दिक्कत
अब मुख्यमंत्री शिंदे गुट के एक पदाधिकारी ने कहा है कि मकान मालिक को बकाया चुकाने के बाद 'शाखा' का कब्जा हासिल कर लिया गया है। इस मामले को निपटाने के लिए स्थानीय पुलिस को संबंधित दस्तावेज भी सौंप दिए गए हैं। शिंदे गुट के लिए यह अच्छी खबर है, लेकिन उनके समर्थक दो विधायकों रवि राणा और बच्चू कडू के बीच तनाव से सीएम का टेंशन बढ़ा हुआ है। उनकी दिक्कत ये है कि बडनेरा से निर्दलीय एमएलए रवि राणा का आरोप है कि पीजेपी के कुडू ने मुख्यमंत्री शिंदे को समर्थन देने के लिए पैसे लिए हैं।
एक विधायक ने एक नवंबर को फैसला लेने की दी धमकी
इसपर कुडू भड़के हैं और वह मुख्यमंत्री या उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से जवाब मिलने का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने राणा से भी आरोपो के सबूत देने को कहे हैं, नहीं तो 8 अन्य विधायकों के साथ फैसला लेने की चेतावनी दे चुके हैं। कुडू यह भी कह रहे हैं, इन आरोपों से अकेले उन्हीं की नहीं सीएम और डिप्टी सीएम दोनों की छवि खराब हो रही है। कुडू का कहना है कि वह इन आरोपों से बहुत ही आहत हैं और आने वाले एक नवंबर को कोई फैसला लेंगे।
वैसे जानकारी के मुताबिक राणा और कुडू के बीच की अदावत नई नहीं है। दोनों के बीच अमरावती में वर्चस्व की लड़ाई है, जहां से राणा की पत्नी और चर्चित नेता नवनीत राणा सांसद हैं। मुख्यमंत्री शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के सामने दोनों विधायकों में सुलह करवाने की चुनौती है।












Click it and Unblock the Notifications