अगर शिवसेना MVA से जाना चाहती है तो उन्हें एकबार शरद पवार से बात करनी चाहिए- छगन भुजबल
मुंबई, जून 23। शिवसेना नेता संजय राउत के एक बयान से महाराष्ट्र की सियासत में एक नया भूचाल आ गया है। दरअसल, कल तक सरकार बचाने में लगी शिवसेना अब महाविकास अघाड़ी से बाहर निकलने पर विचार कर रही है। संजय राउत ने कहा है कि अगर बागी विधायक चाहते हैं तो शिवसेना महाविकास अघाड़ी से बाहर निकल सकती है, लेकिन इसके लिए उन्हें सामने आकर बात करनी होगी। संजय राउत के इस बयान से कांग्रेस और एनसीपी के खेमे में जबरदस्त हलचल है।

शिवसेना को शरद पवार से बात करनी चाहिए- भुजबल
संजय राउत के बयान पर एनसीपी नेता छगन भुजबल ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि अगर शिवसेना महाविकास अघाड़ी से बाहर निकलना चाहती है तो उन्हें एकबार हमारे नेता शरद पवार से बात करनी चाहिए, अगर शिवसेना ने जाने का सोच लिया है तो उन्हें कोई नहीं रोक सकता, हर पार्टी अपने रास्ते चुनने के लिए स्वतंत्र है।
क्या कहा था संजय राउत ने?
आपको बता दें कि शिवसेना नेता संजय राउत ने बगावत करके करीब 42 विधायकों को लेकर गुवाहटी में बैठे एकनाथ शिंदे को वापस बुलाने के लिए महाविकास अघाड़ी को छोड़ने की बात कह दी थी। संजय राउत ने कहा था कि अगर वे चाहते हैं कि हम महा विकास आघाडी सरकार से बाहर हो जाएं, तो हम ऐसा कर सकते हैं लेकिन इसके लिए उन्हें मुंबई आकर उद्धव ठाकरे से बात करनी होगी। बता दें कि कल तक संजय राउत यह बयान दे रहे थे कि कुछ भी हो जाए उद्धव ठाकरे पद से इस्तीफा नहीं देंगे। वहीं संजय राउत के बयान से एनसीपी और कांग्रेस के नेता खासे नाराज हैं।












Click it and Unblock the Notifications