BMC चुनाव से पहले गरजे एकनाथ शिंदे, बोले- किसी की बयानबाजी नहीं, सिर्फ विकास के दम पर जीतेंगे
महाराष्ट्र में नगर निगम चुनाव से पहले सियासी माहौल गरमाता जा रहा है। इसी बीच महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने साफ कर दिया है कि मुंबई में शिवसेना और बीजेपी पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरी हैं और जनता से विकास के नाम पर वोट मांगे जा रहे हैं।
पुणे में मीडिया से बातचीत के दौरान एकनाथ शिंदे ने कहा कि उन्हें किसी खास पार्टी कार्यकर्ता के बयान की जानकारी नहीं है, लेकिन मुंबई में शिवसेना और बीजेपी मजबूती से चुनाव लड़ रही हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह चुनाव पूरी तरह विकास के मुद्दे पर लड़ा जा रहा है।

शिंदे ने कहा मुख्यमंत्री के तौर पर मेरे ढाई साल के कार्यकाल में किए गए काम, और पिछले एक साल में देवेंद्र फडणवीस द्वारा किए गए काम, हम लोगों तक पहुंचा रहे हैं और वोट मांग रहे हैं। हमें भरोसा और उम्मीद है कि मुंबई के लोग इन विकास के मुद्दों के आधार पर निश्चित रूप से हमें वोट देंगे।'
15 जनवरी को होगा मतदान
मुंबई महानगरपालिका (BMC) के 227 वार्डों के लिए मतदान 15 जनवरी 2026 को होगा और मतगणना 16 जनवरी सुबह 10 बजे से शुरू होगी। इस बार कुल 1,03,44,315 नागरिक मतदान के पात्र हैं, जिनमें 55,16,707 पुरुष, 48,26,509 महिलाएं और 1,099 अन्य मतदाता शामिल हैं।
कुल 227 सीटों में से 114 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित
सीट आवंटन की बात करें तो कुल 227 सीटों में से 50% यानी 114 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं, जबकि बाकी 113 सीटें सामान्य श्रेणी के लिए रखी गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा 15 दिसंबर 2025 को चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता (MCC) पूरे राज्य में प्रभावी हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications