राणे के बचाव में उतरे फडणवीस, कहा- भारत माता को गाली देने वाले शर्जील पर क्यों नहीं की FIR?
मुंबई, अगस्त 24। केंद्रीय मंत्री नारायण राणे के बयान को लेकर महाराष्ट्र की सियासत में जबरदस्त भूचाल आ गया है। मंगलवार को शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने नासिक में बीजेपी दफ्तर पर पथराव कर दिया तो वहीं मुंबई में नारायण राणे के घर के बाहर बीजेपी और शिवसेना के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। इस बवाल के बीच महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पूरे मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि हम नारायण राणे के बयान का समर्थन नहीं करते हैं, लेकिन एक व्यक्ति और पार्टी के रूप में मैं उनके साथ खड़ा हूं।

'पुलिस जीवी' सरकार है महाराष्ट्र की- देवेंद्र फडणवीस
देवेंद्र फडणवीस ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब शरजील उस्मानी ने भारत माता को गाली दी थी तो उस वक्त राज्य सरकार ने कोई FIR दर्ज नहीं की थी, लेकिन आपने अब नारायणे राणे के खिलाफ कार्रवाई करने में कोई देर नहीं की। बीजेपी और शिवसेना कार्यकर्ताओं के बीच हुई हिंसक झड़प को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री ने उद्धव ठाकरे सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य में हिंसा को प्रायोजित किया जा रहा है, ये सरकार 'पुलिस जीवी' सरकार है, वो कहावत है ना कि "सइयां भये कोतवाल तो डर काहे का"
नारायण राणे ने दिया था ये बयान
आपको बता दें कि सोमवार को केंद्रीय मंत्री नारायण राणे ने जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान कहा था कि उद्धव ठाकरे को ये नहीं पता था कि देश कौन सा स्वतंत्रता दिवस मना रहा है, मैं अगर वहां होता तो उनको थप्पड़ जड़ देता। आपको बता दें कि उद्धव ठाकरे स्वतंत्रता दिवस के दिन अपने संबोधन के दौरान अपने सहयोगी से पीछे मुड़कर कुछ पूछते हुए नजर आए थे। अब नारायण राणे को उनके बयान के लिए हिरासत में ले लिया गया है। कहा जा रहा है कि कभी भी उनकी गिरफ्तारी हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications