Shivaji Statue Collapse: फडणवीस ने किया उसी स्थान पर बड़ी प्रतिमा बनाने का वादा, नौसेना ने दिया ये जवाब?
Sindhudurg Shivaji Statue Collapse: महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग में छत्रपति शिवाजी महाराज की 35 फीट ऊंची प्रतिमा गिरकर खंडित हो गई। इस घटना के बाद विपक्ष शिंदे सरकार पर हमलावर हैं। इस मूर्ति के गिरने के बाद महाराष्ट्र में भाजपा के प्रतिनिधित्व वाली महायुति सरकार की जमकर आलोचना की जा रही है।
ऐसे में अब उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि सिंधुदुर्ग में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा के निर्माण का प्रबंधन राज्य सरकार ने नहीं बल्कि भारतीय नौसेना ने किया था। मालूम हो कि पिछले साल दिसंबर में पीएम नरेंद्र मोदी ने इस प्रतिमा का अनावरण किया था। जो सोमवार को ढह गई।
{image-shivaji -1-1724764724.jpg hindi.oneindia.com}
इस घटना के बाद डिप्टी सीएम फडणवीस ने आश्वासन दिया कि उसी स्थान पर एक बड़ी प्रतिमा स्थापित की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रतिमा के निर्माण के लिए जिम्मेदार लोगों ने तेज हवा की गति और लोहे की गुणवत्ता जैसे महत्वपूर्ण स्थानीय कारकों की उपेक्षा की होगी, जिसके कारण समुद्री हवाओं से जंग लग सकती है।
उन्होंने कहा, "हमारा संकल्प है कि उसी स्थान पर छत्रपति शिवाजी महाराज की एक बड़ी प्रतिमा बनाई जाए।" इस घटना को लेकर विपक्षी दलों पर फडणवीस ने कहा, "प्रतिमा का गिरना दुखद है, लेकिन विपक्षी दलों का इस पर रुख अप्रिय है। इस मुद्दे का राजनीतिकरण करने की कोई जरूरत नहीं है।"
नौसेना ने क्या कहा?
इस बीच, भारतीय नौसेना ने सिंधुदुर्ग में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा गिरने की घटना की जांच शुरू कर दी है। विशेषज्ञों की एक टीम मौके पर है और घटना की जांच कर रही है। नौसेना ने पुष्टि की है कि प्रतिमा का निर्माण और स्थापना नौसेना ने राज्य सरकार के सहयोग से की है। टेंडर भी नौसेना ने उचित प्रक्रिया के आधार पर दिया था। धनराशि राज्य सरकार ने वहन की थी।
नौसेना ने कहा कि प्रारंभिक प्रमाणपत्र उन्होंने लिए थे, जो मानकों के अनुसार थे, लेकिन बाद में रखरखाव का काम राज्य सरकार को सौंप दिया गया। भारतीय नौसेना ने पुष्टि की है कि जांच के बाद वह प्रतिमा का जीर्णोद्धार शुरू करेगी।
इधर, महाराष्ट्र लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के मंत्री रवींद्र चव्हाण के अनुसार पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने मूर्ति पर जंग पाया था और नौसेना को पत्र लिखकर इसकी जानकारी दी थी। स्थानीय पुलिस ने सिंधुदुर्ग जिले के एक पुलिस स्टेशन में ठेकेदार जयदीप आप्टे और स्ट्रक्चरल कंसल्टेंट चेतन पाटिल के खिलाफ मामला भी दर्ज किया है।












Click it and Unblock the Notifications