NCB पर बरसे उद्धव ठाकरे, बोले- हमने 'हीरोइन' नहीं 'हेरोइन' पकड़ी इसलिए कोई चर्चा नहीं
मुंबई 23, अक्टूबर: महाराष्ट्र में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की कार्रवाई के तौर तरीकों और इसको पेश किए जाने के ढंग को लेकर सीएम उद्धव ठाकरे ने नाराजगी जताई है। उद्धव ठाकरे ने कहा कि राज्य की पुलिस भी ड्रग्स के मामलों में कार्रवाई करती है लेकिन एनसीबी एक ऐसी धारणा बनाने में लगी है कि जैसे महाराष्ट्र नशीले पदार्थों का एक केंद्र बन गया है। जो कि एक सही तरीका नहीं है। नागपुर में अत्याधुनिक फोरेंसिक लैब के उद्घाटन के मौके पर बोलते हुए उद्धव ने ये कहा है।

महाराष्ट्र पुलिस हीरोइन नहीं हेरोइन पकड़ती है
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा, इन दिनों राज्य में हर तरफ ड्रग्स और ड्रग्स की ही बात हो रही है। एक ऐसी तस्वीर बनाई जा रही है कि पूरी दुनिया के ड्रग्स की खपत महाराष्ट्र में ही हो रही है और एनसीबी ही इसे पकड़ रही है। ऐसे दिखाया जा रहा है कि एनसीबी ही ड्रग्स को पकड़ रही है लेकिन सच्चाई ये नहीं है। राज्य पुलिस की एक टीम ने 25 करोड़ रुपए की हेरोइन जब्त की लेकिन कोई चर्चा नहीं हुई। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि इसमें कोई हीरोइन शामिल नहीं थी। राज्य पुलिस का ध्यान भी हीरोइन नहीं हेरोइन को पकड़ने पर ही है।

राज्य और हमारी पुलिस को बदनाम किया जा रहा
उद्धव ने आगे कहा, महाराष्ट्र पुलिस को भले ही पब्लिसिटी नहीं मिली, कोई उनको नहीं जानता लेकिन उन्होंने ड्रग्स पर कार्रवाई कर हमें गर्व महसूस कराया है। महाराष्ट्र पुलिस मजबूती और पेशेवर तरीके से काम करती है। आज महाराष्ट्र पुलिस की इस प्रतिष्ठा को जानबूझ के बदनाम किया जा रहा है। एनसीबी और केंद्र की ओर इशारा करते हुए ठाकरे ने कहा, आप चिमटी भर गांजा सूंघने वालों को माफिया कहते हो और सेलिब्रिटी को पकड़ कर फोटो खींचते हो। हमारी पुलिस ने 150 करोड़ रुपए के ड्रग्स बरामद किए, जिसको बदनाम किया जा रहा है।

एनसीबी पर केंद्र और महाराष्ट्र सरकार आमने-सामने
शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान और कुछ अन्य को इस महीने के शुरू में एनसीबी ने कथित तौर पर क्रूज से गिरफ्तार किया था। इस कार्रवाई को महाराष्ट्र सरकार के मंत्री नवाब मलिक पूरी तरह से फर्जीवाडा और उगाही का एक तरीका बता चुके हैं। इससे पहले सुशांत राजपूत की मौत के बाद भी महाराष्ट्र की सरकार और केंद्र के बीच एत किस्म का टकराव दिखा था।












Click it and Unblock the Notifications