'सब कुछ ठीक है', महाराष्ट्र में सत्ता संघर्ष की अफवाहों पर विराम, फडणवीस-शिंदे और पवार ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस
Maharashtra News: महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ गठबंधन के बीच मतभेद की अटकलों के बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजित पवार ने एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इन सभी दावों को खारिज कर दिया। इस दौरान 'सीएम की कुर्सी' और गठबंधन की स्थिरता को लेकर हुए मजाकिया संवाद ने माहौल को हल्का बना दिया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में एकनाथ शिंदे ने कहा, "सरकार का नया कार्यकाल जरूर है, लेकिन टीम वही है। मेरे और देवेंद्र फडणवीस के बीच केवल मुख्यमंत्री पद का बदलाव हुआ है, जबकि अजित पवार पहले जैसी स्थिति में हैं, इसलिए उन्हें कोई चिंता नहीं होनी चाहिए।"

इस पर अजित पवार ने मजाकिया लहजे में कहा, "अगर आप अपनी मुख्यमंत्री की कुर्सी नहीं बचा पाए तो मैं क्या कर सकता हूं?" शिंदे ने तुरंत सफाई देते हुए कहा, "यह सब आपसी सहमति के तहत हो रहा है।" मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस पर चुटकी लेते हुए कहा, "हमारे बीच यह 'रोटेटिंग अंडरस्टैंडिंग' है।"
'कोल्ड वॉर' की अटकलों पर मजेदार प्रतिक्रिया
गठबंधन में कथित विवाद को लेकर पूछे गए सवाल पर फडणवीस ने कहा, "इतनी गर्मी में कोल्ड वॉर कैसे हो सकता है? हमारे बीच सबकुछ 'ठंडा-ठंडा, कूल-कूल' है।" एकनाथ शिंदे ने भी इन दावों को खारिज करते हुए कहा, "चाहे कितनी भी अटकलें लगाई जाएं, हमारा गठबंधन अटूट है।"
विपक्ष पर कटाक्ष - 'हम आपके हैं कौन?'
विपक्ष पर निशाना साधते हुए फडणवीस ने कहा, "वे दिखाते हैं कि 'हम साथ-साथ हैं', लेकिन असल में उनकी स्थिति 'हम आपके हैं कौन?' जैसी है।" उन्होंने बताया कि विपक्ष ने सरकार की चाय पार्टी का बहिष्कार करने के पीछे छह पन्नों का एक पत्र भेजा है, लेकिन उस पर दो लोगों के हस्ताक्षर गायब थे। फडणवीस ने हंसते हुए कहा, "अब हम यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि वे दो लोग कौन हैं।"
'हमारे बीच कोई प्रतिस्पर्धा नहीं'
फडणवीस ने स्पष्ट किया कि उनके और एकनाथ शिंदे के बीच किसी भी तरह की प्रतिस्पर्धा या वर्चस्व की लड़ाई नहीं है। उन्होंने मीडिया से आग्रह किया कि रिपोर्टिंग करते समय सभी पक्षों को सामने रखा जाए और निष्कर्ष पर पहुंचने से बचा जाए।
गठबंधन की मजबूती का संदेश
हाल ही में महाराष्ट्र सरकार में मतभेद की खबरें सामने आई थीं, जिसमें कहा गया था कि एकनाथ शिंदे कुछ महत्वपूर्ण बैठकों में शामिल नहीं हो रहे हैं। हालांकि, इस संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस से यह संदेश देने की कोशिश की गई कि गठबंधन पूरी तरह से मजबूत है और किसी तरह के विवाद की कोई गुंजाइश नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications