BMC Election: "रहमान डकैत कौन है जिसने मुंबई के खजाने को लूटा?" एकनाथ शिंदे ने किसके लिए बोली ये बात
BMC Election 2026: महाराष्ट्र चुनाव आयोग ने 15 दिसंबर को बृदद मुंबई महानगर पालिका (BMC) के चुनाव की तारीख घोषणा कर दी है। मुंबई में बीएमसी चुनाव के लिए मतदान 15 जनवरी और वोटों की गिनती 16 जनवरी को होगी। चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही मुंबई में इस ठंड के मौसम में राजनीतिक तापमान बढ़ गया है। बीएमसी चुनाव की तारीख के ऐलान के ठीक पहले महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सीधा हमला बोलते हुए बयान दिया जो जमकर सुर्खियों में है।
दरसअसल, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने हाल ही में रिलीज हुई धुरंधर फिल्म का जिक्र करते हुए कहा, "रहमान डकैत ने मुंबई के खजाने को लूटा है, जिसका करारा जवाब 'धुरंधर महायुति' गठबंधन देगा। जिसके बाद लोग जानना चाहते हैं कि आखिर ये रहमान डकैत कौन है, जिसने मुंबई को सालों तक लूटा?

दरअसल, बृहन्मुंबई महानगर पालिका (BMC) के चुनाव से पहले एकनाथ शिंदे ने उद्धव ठाकरे पर सीधे तौर पर हमला करते हुए उन्हें 'रहमान डकैत' बताया है। विभाजित शिवसेना के बीएमसी में लंबे समय तक शासनकाल की ओर परोक्ष रूप से इशारा करते हुए, शिंदे ने सवाल किया, "यह रहमान डकैत कौन है जिसने मुंबई के खजाने को लूटा?
एकनाथ शिंदे ने आगे कहा, "मैं निजी हमले नहीं करता, लेकिन ऐसे कई रहमान डकैत आए और चले गए।" उन्होंने जोर देकर कहा कि उनकी 'धुरंधर महायुति' उन्हें उचित जवाब देगी। शिंदे ने आगे कहा, "यह धुरंधर महायुति उन्हें करारा जवाब देगा। अभी की महायुति तो बस ट्रेलर है- असली पिक्चर अभी बाकी है।"
शिंदे ने पहले शायरी से कसा था उद्धव पर तंज
पिछले हफ्ते राज्य विधानमंडल में एक चर्चा के दौरान भी शिंदे ने उद्धव ठाकरे पर तंज कसा था। उन्होंने विधान परिषद में ठाकरे की कम उपस्थिति और हिंदुत्व विचारधारा से विश्वासघात को लेकर शायरी व व्यंग्य का इस्तेमाल किया। शिंदे ने इसे शिवसेना संस्थापक बाल ठाकरे की विरासत के साथ समझौता करार दिया।
शिंदे ने बाल ठाकरे की हिंदुत्व विरासत का उल्लेख करते हुए कहा, "जो व्यक्ति सत्ता के लिए विश्वास और विचारधारा का सौदा करता है, वह सच्चा उत्तराधिकारी नहीं हो सकता।" इस बयान के जरिए उन्होंने उद्धव ठाकरे के नेतृत्व और उनकी राजनीतिक निष्ठा पर गंभीर सवाल उठाए।
शिक्षा मंत्री की इस पहल की शिंदे ने जमकर की तारीफ
वहीं आज एकनाथ शिंदे ने उद्धव ठाकरे पर तंज कसने के साथ ही महाराष्ट्र की महायुति सरकार की कल्याणकारी पहलों का जिक्र किया और शिक्षा मंत्री की प्रशंसा की, विशेष रूप से सीबीएसई पाठ्यक्रम में छत्रपति शिवाजी महाराज पर 21 पन्नों का पाठ शामिल करने के लिए। याद रहे महायुति में भाजपा, शिवसेना (शिंदे गुट) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications