Antilia केस में अब मर्सिडीज कार की एंट्री, NIA ने कहा-'ये कार चलाते थे सचिन वाझे लेकिन... '
मुंबई। उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर के बाहर विस्फोटकों के साथ मिले स्कॉर्पियो के मामले में रोज नए मोड़ आ रहे हैं। इस केस में अब एनआईए के हाथ एक मर्सिडीज कार लगी है, जिसमें से 5 लाख की नगदी, पेंट-शर्ट , गाड़ियों के नेम प्लेट और बोतल में केरोसिन तेल मिला है। ये काली कार मुंबई क्राइम ब्रांच के ऑफिस के पास एक पार्किंग में खड़ी थी। इस मामले की जांच कर रहे एनआईए के आईजी अनिल शुक्ला ने कहा है कि सचिन वाझे ही मर्सिडीज कार का इस्तेमाल करते थे लेकिन फिलहाल अभी ये कार किसके पास थी और वो कैसे इसका यूज कर रहा है और ये मुंबई क्राइम ब्रांच के ऑफिस के पार्किंग एरिया में कैसे आई, इसकी पड़ताल की जा रही है।
Recommended Video

मालूम हो कि इससे पहले ये खबर सामने आई थी कि सीसीटीवी फूटेज में एक शख्स एंटीलिया के पास दिखाई दिया था, जिसने पीपीई किट पहना हुआ था। शक जाहिर किया गया था कि ये किट पहने हुए सचिन वाझे ही थे। सचिन वाझे के ड्राईवर का बयान सामने आया था, जिसने कहा था कि पीपीई किट पहने इंसान ने जो शर्ट पहनी थी, वो सचिन वाझे की थी, जो कि वो अक्सर पहना करते थे।
एनआईए की हिरासत में हैं सचिन वाझे, दफ्तर में हुई छापेमारी
बता दें कि सचिन वाझे को 13 मार्च को एनआईए ने 12 घंटे की लंबी पूछताछ के बाद अरेस्ट किया था, फिलहाल वो 25 मार्च तक एनआईए की हिरासत में हैं। एनआईए ने वाझे के दफ्तर में भी छापेमारी की है, जहां से कुछ आपत्तिजनक दस्तावेज के भी बरामद होने की खबर है तो वहीं इस मामले में अभी तक सात अधिकारियों के बयान भी दर्ज किए गए हैं।
मनसुख हिरेन की पत्नी ने लगाया हत्या का आरोप
दरअसल अंबानी के घर के पास से जो स्कार्पियो बरामद हुई है, उसका मालिक मनसुख हिरेन को बताया गया है, जिनकी संदिग्ध हालातों में मौत हुई है। उनकी पत्नी ने सचिन वाझे पर अपने पति के मर्डर का आरोप लगाया है और कहा है कि उनकी कार घटना के कुछ दिनों पहले ही चोरी हो गई थी।
गृह मंत्री अनिल देशमुख ने कही बड़ी बात
इस मामले में महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख का भी बयान सामने आया है, उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर के सामने स्कार्पियो गाड़ी में जो जिलेटिन पाई गई थी उसकी और मनसुख हिरेन के हत्या की जांच एनआईए और एटीएस कर रही है। उम्मीद है कि जल्द ही सच सामने आएगा और जो भी सत्य उजागर होगा, उस पर तत्काल प्रभाव से एक्शन लिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications